नई दिल्ली। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी जाने अनजाने ऐसी गलतियां करते रहते हैं, जिससे बाद में लोग उनका मजाक उड़ाते हैं। अमेरिकी दौरे पर गए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बर्कले में अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी की जमकर तारीफ की।
राहुल गांधी ने माना कि साल 2012 के आसपास कांग्रेस दंभ में चूर थी, इसलिए काफी नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद पार्टी को पुनर्निर्माण की जरूरत है। वंशवाद पर राहुल गांधी ने कहा कि ज्यादातर देश इसी तरह चल रहा है सिर्फ मेरी बात मत कीजिए। अखिलेश यादव, स्टालिन, धूमल के बेटे भी मेरी ही तरह वंशज हैं। मुकेश अंबानी, अभिषेक बच्चन भी वंशज हैं और इसी तरह पूरा देश चल रहा है। इसके बाद से राहुल गांधी सोशल मीडिया में ट्रोल किए जा रहे हैं।
इससे पले बेंगलुरू में कर्नाटक सरकार की इंदिरा कैंटीन के उद्घाटन के मौके पर पहुंचे राहुल ने गलती से उसे अम्मा कैंटीन कह दिया था। दरअसल, सब्सिडी वाले भोजन को मुहैया कराने के लिए पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में इसी तरह की योजना चलती है।
अपने भाषण में उन्होंने यह भी कह दिया कि कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु एक राज्य है। उन्होंने बुधवार को इंदिरा कैंटीन के उद्घाटन के दौरान कहा- जल्द ही, अगले कुछ महीने में बेंगलोर के हर शहर में, बेंगलोर के हर शहर के हर गरीब आदमी को लगने लगेगा कि सिद्धरमैया जी की सरकार में कर्नाटक राज्य में मैं भूखा नहीं रह सकता।
इन कैंटीन में लोगों को पांच रुपए में नाश्ता और 10 रुपए प्रति थाली भोजन मिलेगा। सिद्धरमैया सरकार ने तमिलनाडु की 'अम्मा कैन्टीन' की तर्ज पर 2017-18 के राज्य के बजट में इंदिरा कैंटीन की घोषणा की थी। राहुल गांधी इससे पहले भी कई ऐसी ही बातें कह चुके हैं, जिसकी वजह से लोग उनका मजाक बनाते रहे हैं। यहां कुछ उदाहरण हैं...
आलू की फैक्ट्री नहीं लगवा सकता
अमेठी के एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि किसान फैक्ट्री लगाएं। राहुल गांधी की किसान यात्रा का है। इसमें राहुल गांधी ने कहा था- आप एक बात कह रहे हो कि यहां आलू की फैक्ट्री लगवाओगे। आप कह रहे हो कि आप यहां आलू की फैक्ट्री लगवाओगे। अंत में, मैं विपक्ष का नेता हूं। मैं दबाव डाल सकता हूं, जो मैं कर रहा हूं। मगर, मैं डिसिजन तो नहीं ले सकता न। मैं किसान के लिए आलू की फैक्ट्री तो नहीं खोल सकता।
कौन बड़ा है, पता ही नहीं चला
अहमदाबाद में एक रैली में राहुल गांधी के भाषण से पता ही नहीं चला कि वे किसे बड़ा बताना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात यूनाइटेड किंगडम से बड़ा है और अगर यूरोप और यूएस को साथ रख दें, तो भारत उससे भी बड़ा है। उन्होंने यह कमेंट अहमदाबाद में किया था, जहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं को बता रहे थे मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के शासन के दौरान गुजरात जो था, उससे भी अधिक महान बनने की क्षमता गुजरात में है।
आज सुबह मैं रात में उठा
राहुल गांधी को 2013 में जब कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया, तो उन्होंने अपने भाषण में कहा- आज सुबह जब मैं रात को सोकर उठा। दरअसल, वह उस बात का जिक्र कर रहे थे, जब उनकी मां सोनिया गांधी ने रात एक बजे उन्हें उठाकर पावर के बारे में अपने डर को साझा किया था।
भ्रष्टाचार किया...बलात्कार...सॉरी बलात्कार किया
मध्य प्रदेश में एक रैली के दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी भीड़ से पूछा था- आपको क्या लगता है, महिलाओं को क्या लगता है? इज्जत की आपकी? भ्रष्टाचार किया...बलात्कार...सॉरी बलात्कार किया। दरअसल, वह भाजपा शासित राज्य में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की बढ़ती संख्या को लेकर बात कर रहे थे।
गरीबी स्टेट ऑफ माइंड है
इलाहाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने बयान दिया था- गरीबी सिर्फ स्टेट ऑफ माइंड यानी मानसिक स्थिति है। इसका खाना खाने, रुपए और भौतिक चीजों से कोई लेना-देना नहीं है। राहुल गांधी के मुताबिक, जब तक कोई शख्स खुद में आत्मविश्वास नहीं लाएगा, तब तक वह गरीबी के मकड़जाल से बाहर नहीं निकल पाएगा।