गजेन्द्र विश्वकर्मा, इंदौर। प्रदेश में 2008 से लागू किए गए सेमेस्टर सिस्टम की हालत खराब है। न समय पर परीक्षा हो पा रही है और न रिजल्ट आ पा रहे हैं। इससे कई स्टूडेंट्स का करियर तक बिगड़ने लगा है। समय पर रिजल्ट नहीं आने से एडमिशन लेट तक कराने पड़ रहे हैं। जॉब में भी समय पर रिजल्ट नहीं मिलने से कंपनियां स्टूडेंट्स को ज्वाइनिंग नहीं दे रही। इन तमाम परेशानियों को दूर रखने के लिए सरकार सेमेस्टर पर फीडबैक के लिए वोटिंग कराने जा रही है। हालांकि इसमें सबसे बड़ी विसंगति यह है कि प्राइवेट स्टूडेंट्स को फीडबैक से दूर रखा जा रहा है।
सेमेस्टर सिस्टम से हर छह महीने में परीक्षा कराना और रिजल्ट घोषित करना किसी भी यूनिवर्सिटी के लिए संभव नहीं हो पा रहा है। भोपाल में उच्च शिक्षा मंत्री के साथ यूनिवर्सिटी के कुलपतियों की बैठक में सभी ने एक स्वर में इसमें बदलाव का निवेदन किया है। सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सेमेस्टर को लचीला बनाने या इसे खत्म कर वार्षिक प्रक्रिया से पहले की तरह प्रक्रिया बनाना चाहता है। सेमेस्टर सिस्टम से कॉलेज के संचालक बहुत परेशान हैं। परीक्षा और रिजल्ट समय पर नहीं आने से उनका पूरा शेड्यूल बिगड़ गया है।
अगले हफ्ते होगा निर्णय
अगले हफ्ते भोपाल में सेमेस्टर सिस्टम को लेकर एक कॉमन मीटिंग होने वाली है। इसमें उच्च शिक्षा मंत्री समेत उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी और यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधि शामिल होने जा रहे हैं। इसमें स्टूडेंट्स से फीडबैक लेने के लिए वोटिंग प्रक्रिया कराने पर सहमति होगी। प्रारंभिक तौर पर प्लानिंग बन चुकी हैं। इसमें सामने आ रहा है कि सरकार सिर्फ सरकारी कॉलेज के स्टूडेंट्स के बीच वोटिंग कराकर फीडबैक लेना चाहती है। इससे सहीं रिजल्ट सामने नहीं आ पाएंगे इसलिए प्राइवेट कॉलेज इसका विरोध कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि प्रदेश के प्राइवेट कॉलेजों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स से भी उनकी राय पूछी जाए।
तो सेमेस्टर सिस्टम बंद करना पड़ेगा
कॉलेजों का मानना है कि सरकार सेमेस्टर पर सिर्फ कामचलाऊ प्रक्रिया कराना चाहती है। इसके लिए सिर्फ सरकारी कॉलेजों के स्टूडेंट्स को आधार बनाया जा रहा है। चूंकि सेमेस्टर सिस्टम के बारे में प्राइवेट कॉलेजों में पढ़ रहे स्टूडेंट्स साफ तौर पर खुली राय दे सकते हैं इसलिए इन्हें किसी भी हालत में अपनी बात रखने का मौका देना चाहिए। अगर ऐसा हुआ तो प्रदेश के प्राइवेट कॉलेजों में पढ़ने वाले हजारों स्टूडेंट्स एक स्वर में सेमेस्टर सिस्टम का विरोध करेंगे और सरकार को सेमेस्टर प्रक्रिया बंद तक करने की नौबत आ सकती है।
सरकारी कॉलेजों में ही क्यों
सरकार पर कॉलेज आरोप लगा रहे हैं कि सेमेस्टर से संबंधित सभी तरह की परेशानी प्रदेश के कॉलेजों में पढ़ रहे हर स्टूडेंट्स के साथ आ रही है इसलिए नियम से देखा जाए तो हर स्टूडेंट्स को इस बारे में बोलने की आजादी है। सरकारी कॉलेज के स्टूडेंट्स को सिर्फ फीडबैक का आधार बनाने से रिपोर्ट सहीं नहीं बन पाएगी। सरकार अपनी साख बचाए रखने के लिए हो सकता है कि सरकारी कॉलेजों के स्टूडेंट्स को वोटिंग के पहले ही ऐसी समझाइश दे दे, जिससे सरकार मनचाहा फीडबैक ले सकता है। प्राइवेट कॉलेजों में पढ़ रहे स्टूडेंट्स बिना दबाव के सुझाव देंगे इसलिए इन्हें वोटिंग में शामिल करना अनिवार्य है।
सारी बाते सामने आने के बाद भी आनाकानी
पूरे प्रदेश की यूनिवर्सिटी सेमेस्टर सिस्टम में गलतियां निकाल चुकी है और उच्च शिक्षा विभाग को इस बारे में कई बार मीटिंग और पत्र से बताया जा चुका है। उच्च शिक्षा विभाग के बड़े अधिकारी भी मान चुके हैं कि सिस्टम सिस्टम अचानक लागू किया गया था और इसके लिए प्रदेश की यूनिवर्सिटी में प्रॉपर सेटअप नहीं है इसके बावजूद आगे बढ़कर सिस्टम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जा रहा है। इसके लिए स्टूडेंट्स से वोटिंग कराने का निर्णय लिया गया है।
सेमेस्टर सिस्टम पर यह राय सामने आ सकती है
सेमेस्टर सिस्टम को लेकर स्टूडेंट्स को किस तरह की परेशानी आ रही है यह सभी को पता है। सबसे बड़ी परेशानी समय पर परीक्षा नहीं होना और रिजल्ट देरी से आना है। जल्दबाजी में रिजल्ट में कई तरह की गलतियां हो रही है और करियर दांव पर लग रहा है। किसी भी कोर्स की परीक्षा नियम अनुसार छह महीने में नहीं हो पा रही है। सिस्टम करीब दो महीने लेट चल रहा है।
सेमेस्टर को लचीला किया जाए
स्टूडेंट्स का साफ कहना है कि सेमेस्टर को लचीला किया जाए यानी प्रदेश की यूनिवर्सिटी और कॉलेजों की व्यवस्थाओं को देखते हुए उन्हें अपने हिसाब से बदलाव करने की आजादी मिले। सिस्टम चूंकि इंटरनेशनल पैमानों के अनुसार जरूरी है इसलिए कहा जा रहा है कि परीक्षा और रिजल्ट में लगने वाले स्टॉफ की संख्या बढ़ा दी जाए ताकि रिजल्ट समय पर आए। कई स्टूडेंट्स सेमेस्टर के मुकाबले वार्षिक सिस्टम को बेहतर मान रहे हैं। उनका कहना है पहले परीक्षा और रिजल्ट को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं आती थी। इससे सभी पढ़ाई पर प्रॉपर ध्यान दे पा रहे थे।
प्राइवेट वाले सरकार से नाराज
एडमिशन प्रक्रिया के समय भी उच्च शिक्षा विभाग ने अल्पसंख्यक दर्जा प्राप्त कॉलेजों को कई तरह की छूट दे दी थी, वहीं प्राइवेट कॉलेजों को एडमिशन के लिए एक भी दिन का अतिरिक्त्त समय नहीं दिया था। आखिर में कॉलेजों को कोर्ट की शरण में जाना पड़ा था। एडमिशन में दस्तावेज वेरिफिकेशन में भी प्राइवेट कॉलेजों को अलग रखा गया था। अब जब सेमेस्टर फीडबैक में प्राइवेट कॉलेजों को अलग रखने के बाद कॉलेजों की नाराजगी बढ़ गई है। कॉलेजों का कहना है कि सरकार को अपने ही प्रदेश के संस्थानों पर भरोसा नहीं रहा।
सेमेस्टर में इस तरह की परेशानी
- समय पर एडमिशन नहीं हो पा रहे हैं।
- एकेडमिक कैलेंडर पटरी से बाहर उतर रहा है।
- परीक्षाएं दो महीने लेट हो रही है।
- समय पर रिजल्ट नहीं आ पा रहे हैं।
- रिजल्ट लेट होने से जॉब की ज्वाइनिंग नहीं मिल पा रही है।
- जल्दबाजी में कॉपी चेक करनी पड़ रही है। इससे गलतियां बढ़ गई है।
इनका कहना है
उच्च शिक्षा विभाग ने पहले एडमिशन प्रक्रिया के समय प्राइवेट कॉलेजों के साथ अन्याय किया और अब सेमेस्टर सिस्टम पर प्राइवेट कॉलेजों के स्टूडेंट्स को दूर रखा जा रहा है। इसमें सिर्फ सरकारी कॉलेजों के स्टूडेंट्स को शामिल किया जा रहा है। इससे सेमेस्टर पर स्पष्ट फीडबैक की उम्मीद नहीं की जा सकती। सरकार को सभी स्टूडेंट्स से वोटिंग कराना चाहिए।
- डॉ. सचिन शर्मा, प्रिंसिपल, संस्कार कॉलेज
हर यूनिवर्सिटी में होना चाहिए
सेमेस्टर सिस्टम इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के अनुसार हर यूनिवर्सिटी में होना चाहिए। इसे बंद करने से अच्छा होगा कि इसमें कई बदलाव किए जाए। इस बारे में सभी कॉलेज शिक्षा विभाग को अपनी परेशानी बता चुके हैं। अब सभी स्टूडेंट्स से फीडबैक लेकर जल्द निर्णय ले लेना चाहिए।
- डॉ. रमेश मंगल, प्रिंसिपल, वैष्णव वाणिज्य कॉलेज
भोपाल में होगा अंतिम निर्णय
अगले हफ्ते भोपाल में सेमेस्टर फीडबैक के लिए वोटिंग प्रक्रिया पर फाइनल निर्णय होगा। इसमें कॉलेजों की मांग वहां रखेंगे। जो भी निर्णय होगा वह स्टूडेंट्स के हित में ही लेंगे।
- डॉ. नरेंद्र धाकड़, एडिशनल डायरेक्टर, उच्च शिक्षा विभाग