मल्टीमीडिया डेस्क। आपने कई लोगों को देखा होगा जिनकी आंखों के नीचे काले घेरे होते है। आमतौर पर लोगों का मानना है कि नींद पूरी ना होने या कम नींद लेने की वजह से आंखों के नीचे काले घेरे होते हैं। कई लोगों का यह भी मानना है कि तनाव के कारण भी आंखों के नीचे काले घेरे हो जाते है। लेकिन यह पूरी तरह सच नहीं है।
आंख के नीचे होने वाले काले घेरों की वजह जानने के लिए पहले आपको उनके रंग को पहचानना होगा। आपको बता दें कि अगर आंख के नीचे के इन घेरों का रंग थोड़ा नीला या हरा है, तो ये आपकी आंख के नीचे की स्किन के पतला पड़ जाने के कारण ऐसा है। आनुवंशिक कारणों से, आंखों के नीचे की स्किन पतली पड़ जाती है या पारदर्शी हो जाती है। स्किन के पारदर्शी होने की वजह से आंखों के नीचे की रक्तवाहिका नजर आने लगती हैं और इसकी वजह से आंखों के नीचे नीले या हरे रंग के घेरे दिखाई आने लगते हैं और इन्हें ही हम डार्क सर्कल कहते हैं।
अगर यह घेरे भूरे या काले रंग के हैं, तो यह हाइपरपिग्मेंटेशन का परिणाम है। हाइपरपिग्मेंटेशन का मतलब स्किन में मेलेनिन की मात्रा बढ़ना है। हाइपरपिग्मेंटेशन के कई कारण होते हैं जैसे कि आनुवंशिक कारण, सूर्य की रोशनी में ज्यादा देर तक रहना या फिर हमारी लाइफस्टाइल।
डार्क सर्कल होने के और भी बहुत से कारण होते हैं जिसमें अत्यधिक तनाव में रहना, थकावट होना, पर्याप्त नींद और आराम ना मिल पाना, आयरन की कमी, सही खानपान न होना, धूप व प्रदूषण में ज्यादा रहना, किसी क्रीम, कॉस्मेटिक या दवाई से एलर्जी, उम्र बढ़ना या फिर भारी फ्रेम वाले चश्मे पहनना शामिल है।
इन तरीकों से कर सकते हैं डार्क सर्कल दूर:
आलू: आलू को काटकर उसके टुकड़े को आंखों के नीचे रगड़े। आधे घंटे बाद चेहरा धो दें। इस प्रक्रिया को सप्ताह में दो या तीन बार जरूर करें। काले घेरे कम होंगे व चेहरा निखर उठेगा।
चंदन: चंदन पाउडर में संतरे का रस मिला कर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को काले घेरों पर लगाएं। आधे घंटे बाद पानी से धो दें। सप्ताह में दो या तीन बार जरूर करें।
खीरा: खीरे के टुकड़े काट कर आंखों के ऊपर रखें। आंखे बंद कर हल्के हाथ से काले घेरों पर घुमाएं।
टमाटर: टमाटर के रस को नींबू की कुछ बूंदों के साथ मिलाकर लगाने से जल्दी फायदा होता है।
टी-बैग: टी-बैग को कुछ देर पानी में डुबोकर रख दें। उसके बाद इसे फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें। थोड़ी देर बाद इसे निकालकर आंखों पर रखकर लेट जाएं। दस मिनट तक रोज ऐसा करने से आंखों के नीचे के काले घेरे दूर होने लगेंगे।
कच्चा दूध: कच्चे दूध को रुई की मदद से आंखों के नीचे लगाएं। रात को सोने से पहले व सुबह नहाने से पहले रोज लगाएं।