यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नईदुनिया स्पेशलः आखिर किसकी ग्रहदशा में है राजयोग?
देश की ग्रहदशा बता रही है कि भारत को एक स्थिर सरकार मिलेगी और आने वाले समय में उजली स्थितियों के भी संकेत हैं।
By Edited By:
Publish Date: Sun, 11 May 2014 07:41:53 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Jun 2014 11:06:13 PM (IST)

बेहद नाटकीय परिस्थितियों में केंद्र में नई सरकार बनेगी। देश की ग्रहदशा बता रही है कि भारत को एक स्थिर सरकार मिलेगी और आने वाले समय में उजली स्थितियों के भी संकेत हैं। नईदुनिया के लिए देश के प्रमुख ज्योतिर्विदों का विशेष आकलन।
लोकसभा चुनाव अब अपने अंतिम चरण में है और पूरा देश नई सरकार के बारे में कयास लगा रहा है। चुनाव की गहमागहमी पूरी होने के बाद अब सत्ता की रस्साकशी सामने आने वाली है। देश के प्रमुख ज्योर्तिविदों और भविष्यवेत्ताओं ने ग्रहदशाओं के आधार पर जो अनुमान निकाले हैं वे बताते हैं कि केंद्र में सरकार बनने से पहले नाटकीयता और अप्रत्याशित घटनाएं देखने को मिलेंगी।
आकलन है कि केंद्र में स्थिर सरकार रहेगी और सफलतापूर्वक पांच साल पूरे करेगी। ग्रहों की स्थिति इस तरफ भी संकेत करती है कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं। कांग्रेस की चमक के फीका पड़ने इशारा भी इस आकलन में सामने आता है लेकिन यह पार्टी 2015 में वापसी करेगी। तमाम संभावनाओं के बीच सभी भविष्यवेत्ता इस बात पर सहमत हैं कि नई सरकार के साथ भारत के लिए यह स्वर्णिम समय की शुरूआत होने जा रही है।
चुनाव परिणाम चौंकाएंगेः मालव भट्ट, मुंबई
- उल्लेखनीय है कि 5 मई 2014 से 9 सितम्बर 2014 तक भारत सूर्य महादशा और केतु अंतरदशा के प्रभाव में रहेगा। यह स्थिति केंद्र में बनने वाली नई सरकार के लिए बहुत ही चुनौतीपूर्ण है। जो भी पार्टी सरकार बनाती है उसे अतिरिक्त सतर्कता से काम लेना होगा।
भारत की कुंडली में केतु वृश्चिक राशि के सातवें घर में है और अन्य सभी ग्रह राहु और केतु के बीच में हैं इसलिए यह केतु अंतरदशा बहुत ही महत्वपूर्ण, निर्णायक और भारतीय लोकतंत्र के लिए नए सूत्रपात वाली होगी।
ग्रहों की दशा के अनुसार ऐसा नजर आता है कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद को प्राप्त कर सकते हैं।हालांकि उनके लिए कठिनाइयां और बाधाएं रहेंगी। अधोगामी बुध, बृहस्पति की मजबूती और चंद्र की प्रबल महादशा मोदी के पक्ष में जा रही है।
जहां तक बाजार की बात है तो वह अविश्वसनीय रूप से हिचकोले खाएगा और इस दौरान लोगों को संभलकर खरीद फरोख्त करना चाहिए। हालांकि जब 19 जून 2014 से बृहस्पति कर्क राशि में प्रवेश करेगा और स्वतंत्र भारत की कुंडली के ज्यादातर ग्रह भी कर्क राशि में रहेंगे तो भारत की तरक्की के आसार बहुत उजले हैं।
इसके अलावा मंगल कन्या राशि में प्रवेश कर रहा है और 20 मई 2014 से अधोगामी हो जाएगा जो बताता है कि लोकसभा चुनावों के परिणाम बहुत ही चौंकाने वाले रहेंगे। पार्टियां और नेता नतीजों से चकित रह जाएंगे। 12 जुलाई 2014 तक तुला राशि में प्रवेश करता राहु ऐसी स्थितियां निर्मित कर सकता है जो कि बहुत भ्रामक होंगी।
ग्रहों के बीच छिड़ा युद्ध यह भी बताता है कि भारत के लिए पड़ोसी देश के छद्म युद्ध से निपटने का संकट होगा और प्राकृतिक आपदा भी आ सकती है। हालांकि 19 जून 2014 से बृहस्पति का कर्क राशि में प्रवेश राजनीतिक मोर्चे पर स्पष्टता और स्थिरता का संकेत दे रहा है।
नए प्रधानमंत्री और उनकी टीम इस समय तक प्रशासन पर अपनी पकड़ बना लेगी। मध्य जुलाई तक यह नई सरकार देश में सकारात्मक वातावरण का निर्माण भी करेगी।
2015 में राहुल को सफलताः व्यापक लोढ़ा, अहमदाबाद
- आगामी चुनाव परिणाम सभी को दांतों तले उंगली दबा लेने की स्थिति में ले आएंगे। नरेंद्र मोदी की उपलब्ध कुंडली के अनुसार वे रूचक योग में जन्मे हैं एवं भाग्येश चंद्र लग्नेश मंगल की युति बन रही है। ऐसा जातक बाधाओं को पार करता हुआ निरंतर आगे बढ़ता रहता है।
- अभी इनकी कुंडली में चंद्र में राहु की अंतरदशा चल रही है जो 5 नवंबर 2014 तक रहेगी जो शुभ नहीं है। वे अपनी वाणी पर नियंत्रण न रख पाने की वजह से ज्यादा मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। उनके योग उन्हें प्रधानमंत्री पद का प्रबल दावेदार तो बना रहे हैं लेकिन नीच राशि का चंद्रमा ऐसा होने में बाधक हो सकता है।
अगर राहुल गांधी की बात करें तो वे शनि की साढ़े साती के प्रभाव से गुजर रहे हैं। जन्म के गुरु पर छठे स्थान पर शनि राहु का भ्रमण इन्हें नुकसान कर सकता है। किन्तु दशमेश राहु इन्हें एक बार उच्चस्थ स्थान पर पदासीन जरूर करेगा। गोचर के ग्रह इनके लिए प्रतिकूल हैं किन्तु संगठन मेंजबरदस्त सफाई अभियान चलाकर नए प्राण फूंकने में जरूर सफल होंगे। 12 जनवरी 2015 तक चंद्र मध्य बुध की अन्तरदशा इन्हें कुछ सफलता जरूर देगी।
सरकार टिकेगी पांच सालः एसपी टाटा, पुट्टपर्थी-आंध्रप्रदेश
- भारत को मिलने वाली अगली सरकार को लेकर भी इस समय आशंकाएं हैं कि स्पष्ट बहुमत न मिलने की दशा में क्या स्थिर सरकार बन पाएगी लेकिन भारत के लिए आने वाला समय बहुत ही अच्छा है और देश को स्थिर सरकार मिलेगी। भारत की अर्थव्यवस्था के लिए भी आने वाला समय बहुत ही अनुकूल है। जहां तक कांग्रेस के भविष्य की बात है तो राहुल गांधी की कुंडली बहुत ही कमजोर है और उनके नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदर्शन खराब ही रहेगा। उनकी कुंडली एक स्तर से ऊपर जाने के योग नहीं दिखा रही है।
- राहुल गांधी का भाग्य अधिपति नीच में बैठा है और चंद्नमा भी नीच में है इसलिए वे एकाएक चमक जाएंगे इसकी कोई संभावना नहीं दिखती है। पिछले दिनों मैंने चंद्रबाबू नायडू की कुंडली देखी और उसमें ग्रह बहुत प्रबल हैं और मुझे लगता है कि इस बार के चुनाव में वे जरूर आगे आएंगे।
- 5 मई से 09 सितम्बर 2014 तक का कालखंड बिलकुल ही ठीक नहीं है। रहस्यमयी केतु केकालखण्ड में बहुत कुछ आकस्मिक और अप्रत्याशित घट सकता है। सरकार गठन के समय कुछ नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। 14 जुलाई के बाद नई सरकार पर कुछ समस्याएं आएंगी।
- सातवें घर का केतु कुछ अप्रत्याशित गठबंधन दिखा रहा है। कुल मिलाकर आकस्मिक घटनाएं अप्रत्याशित रूप से घटेंगी। लेकिन तमाम आशंकाओं और संभावनाओं के बीच सरकार भारत को अच्छे समय में ले जाएगी। भारत के लिए आने वाला समय अनुकूल है।
छाेटी पार्टियाें की भूमिका महत्वपूर्ण : मनीष पाेत्दार, पुणे, महाराष्ट्र
- ग्रहदशाओं के आधार पर अगर आकलन किया जाए तो लगता है कि भाजपा जरूरी सहयोगी जुटाकर आसानी से सरकार बना लेगी। कुछ छोटी पार्टियों की मदद से उनकी सरकार आसानी से बन जाएगी। यह पार्टी सरकार में अपने पांच साल पूरे करती भी दिखाई दे रही है।
- जहां तक भाजपा के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी का प्रश्न है तो उनके तीन साल बहुत ही अच्छे से निकलेंगे लेकिन चौथे साल में उन्हें कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उन्हें कुछ व्यक्तिगत क्षति भी उठानी पड़ सकती है। चौथा साल उनके लिए बहुत ही भारी है। इसमें जीवन पर संकट भी दिखाई दे रहा है। लेकिन सरकार पर कोई संकट इसका नहीं आएगा।
- सुषमा स्वराज के ग्रह अभी एक दो वर्ष के लिए प्रतिकूल हैं लेकिन दो साल बाद उनकी ग्रहदशा बहुत ही प्रभावी भूमिका में आ जाएगी।
महिला प्रधानमंत्री संभव नहींः पं. ओम वशिष्ठ, इंदौर
- इस बार लोकसभा चुनाव के परिणामों में समीकरण बहुत ही उलझे हुए सामने आने वाले हैं। भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बन सकती है लेकिन सत्ता के लिए 25 से 30 सीटों को लेकर भारी खींचतान देखने को मिल सकती है।
- जहां तक महिला प्रधानमंत्री बनने का कयास लगाया जा रहा है तो वह योग तब बनता है जबकि कर्क राशि हो या चंद्रमा या शुक्र बलवान हो इसके अलावा स्त्री जातक की कुंडली में भी राजयोग प्रबल होना चाहिए। जब ग्रहदशा समर्थन में नहीं हो तो कुंडली में सौ प्रतिशत राजयोग होने पर ही स्त्री जातक का प्रधानमंत्री बनना संभव है और फिलहाल ये स्थितियां नहीं हैं।
- एक आशंका इस बात को लेकर भी व्यक्त की जा रही है कि गठबंधन की सरकार पूरे पांच वर्ष चल भी पाएगी या नहीं लेकिन सरकार पूरे 5 वर्ष तक चलेगी।
स्पेशल यह भी पढ़ें
पार्टियों की कुंडली में सत्ता और विपक्ष के योग
क्या कहती है राजनेताओं की कुंडली?