
जबलपुर (मध्यप्रदेश)। अप्रैल यानी नया वित्त वर्ष। इसके साथ ही नए संशोधन भी लागू हो जाएंगे। इसका सीधा असर आपकी लाइफ स्टाइल पर पड़ेगा। कुछ संशोधनों से आपको सुविधाएं मिलेंगी तो कुछ में पैसा भी अतिरिक्त लगेगा। कुछ में पैसा बचेगा भी। जैसे रेलवे व बैंक सुविधाएं बढ़ाने जा रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के साथ गैस के दाम घटेंगे, लेकिन सर्विस टैक्स बढ़ने से आम उपयोग की वस्तुएं महंगी हो जाएंगी। जानें, क्या होगा बदलाव...
पैसा बचेगा
वरिष्ठ बीमा पेंशन योजना, एम्बूलेंस सेवा देने वालों व थियेटर मालिकों के साथ फिल्म वितरकों को सर्विस टैक्स नहीं देना होगा।
पेट्रोल-डीजल व गैस के दाम घटेंगे
पेट्रोल-डीजल के साथ कुकिंग व ऑटो गैस के दाम 1 रुपए या इससे ज्यादा कम हो सकते हैं।
पैसा जाएगा
रेलवे प्लेटफॉर्म टिकट अब 5 रुपए की बजाए 10 रुपए में मिलेगी।
निजी बैंक
निजी बैंक में खाता रखने वालों को हर काम के लिए अधिक शुल्क देना पड़ेगा। यदि आप अपने बचत खाते में कम रकम रखते हैं तो पेनाल्टी भी देना होगी। इसी तरह चेकबुक व फंड ट्रांसफर पर अधिक शुल्क देना होगा।
सर्विस टैक्स
सर्विस टैक्स 12.36 प्रतिशत से बढ़कर 14 प्रतिशत लगेगा। 2 प्रतिशत स्वच्छता कर अलग से लगेगा। इससे होटल में रहना व खाना खाना, मोबाइल बिल टैक्सी सहित अन्य सेवाएं महंगी हो जाएंगी।
रेलवे
- रेलवे यात्री दो माह की बजाए 4 माह यानी 121 दिन पहले अपना टिकट आरक्षित करा सकेंगे।
- पश्चिम मध्य रेलवे 3 ग्रीष्मकालीन ट्रेनें चलाई जाएगा। इनमें 6 अप्रैल से जबलपुर-पुणे, 8 अप्रैल से जबलपुर-लोक मान्य टर्मिनल और 10 अप्रैल से हबीबगंज-सीएसटी ट्रेन शामिल हैं।
- गर्भवती महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों के कोटे को बढ़ा दिया गया है। अब यह 2 से बढ़कर 4 सीटों का हो गया है।
बैंक से क्लियरिंग आसान
- अब इसीएस यानी इलेक्ट्रॉनिक क्लियरिंग सिस्टम के लिए देश के दूसरे किसी शहर में होने पर भी मनी ट्रांसफर हो सकेगा। एक दिन में क्लियरिंग हो जाएगी।
- ट्रांसफर और लोन, रिकरिंग खाता, इन्वेस्टमेंट से जुड़े काम एक दिन में हो सकेंगे।
- म्यूचुअल फंड, टेलीफोन बिल, बिजली बिल, नगर निगम टैक्स, इनकम टैक्स जमा करना आसान होगा।
- यदि आपका लोन बंद हो जाए तो पता नहीं चलता था और कुछ समय तक ईएमआई कटती रहती थी, लेकिन अब अंतिम किस्त की तारीख को भी डाला जा सकेगा।
आप पर कैसे पड़ेगा भार ऐसे समझें
- मोबाइल रिचार्ज- 500 रुपए के औसत रिचार्ज पर
अभी- 561.80 रुपए देने होते हैं।
अब- 570.00 रुपए देने होंगे।
- टीवी केबल-200 रुपए के औसत बिल पर
अभी- 224.72 रुपए देने होते हैं।
अब- 228.00 रुपए देने होंगे।
- बिजली बिल-1000 रुपए के औसत बिल पर
अभी- 1123.60 रुपए देने होते हैं।
अब- 1140.00 रुपए देने होंगे।
- ई टिकिट- 300 रुपए के औसत टिकट पर
अभी-337.08 रुपए देने होते हैं।
अब- 342.00 रुपए देने होंगे।
- होटल, रेस्टारेंट- 1500 रुपए के बिल पर
अभी-1685.40 रुपए देने होते हैं।
अब- 1710 रुपए देने होंगे।
- हॉस्पिटल सर्विस- 2500 रुपए महीने के खर्च पर
अभी -2809 रुपए देते होते हैं।
अब- 2850 रुपए लगेंगे।