
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के पश्चिम क्षेत्र केपीलिया खाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर परंपरागत अन्नकूट महोत्सव का आयोजन आंवला नवमी पर 18 नवंबर को होगा। हंस पीठाधीश्वर महंत रामचरण दास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सान्निध्य में मंगलवार को अखंड रामायण पाठ एवं अभिषेक के साथ इस दो दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ होगा। बुधवार को मठ स्थित भगवान पद्मनाभ, रणछोड़जी, टीकमजी एवं पंचमुखी चिंताहरण हनुमानजी का श्रृंगार कर उन्हें शाम 6.30 बजे छप्पन भोग समर्पित कर महाआरती होगी। महाप्रसादी एवं भजन संध्या शाम 7 बजे से शुरू होगी।
पं. अमितदास महाराज ने बताया कि शहर का सबसे बड़ा ऐसा कड़ाव हंसदास मठ के पास है जिसमें अन्नकूट महोत्सव के लिए रामभाजी बनाई जाएगी जो 20 हजार भक्तों के लिए पर्याप्त होगी।
यह करीब 100 वर्ष पुराना कड़ाव है। मठ के पास प्राचीन बर्तनों का बड़ा संग्रह है क्योंकि सैकड़ों वर्षों की परंपरा के अनुरूप सिंहस्थ एवं अन्य उत्सवों के दौरान देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों से आने वाले साधु संत और महात्मा अपनी पूरी मंडली सहित हंसदास मठ पर आकर डेरा डालते थे और उनके लिए भोजन की व्यवस्था यहीं पर की जाती थी।
अभी भी यह परंपरा जारी है। इस लिहाज से मठ के पास ऐसे अनेक बर्तन हैं जिनमें एक साथ एक समय में 6 से 7 क्विंटल तक भोजन पकाया जा सकता है। इन बर्तनों का उपयोग दाल-चावल और खीर पकाने में भी किया जाता रहा है। मठ पर हजारों लोगों के लिए भोजन निर्माण की परंपरा रही है।
शहर में आज भी जहां कहीं बड़ा भंडारा या अन्नकूट होता है, तो वे मठ का कड़ाव मांगकर ले जाते हैं। इतने बड़े कड़ाव में एक साथ सब्जी बनने से स्वाद में भी एकरूपता रहती है और समय भी कम लगता है। प्राचीन समय में इस कड़ाव में बनने वाली रामभाजी को लकड़ी के घोटे से घोटकर बनाया जाता था जिससे सब्जियों का स्वाद कुछ अलग ही अनुभूति देने वाला लगता है।
मठ की स्थापना सन 1780 में 246 वर्ष पूर्व हुई है। तब देवी अहिल्या बाई का शासनकाल था। उस समय उज्जैन, ओंकारेश्वर जाने-आने वाले साधु महात्माओं के लिए हंसदास मठ पर ही भोजन भंडारे एवं आवास आदि की व्यवस्था होती थी। इस बार अन्नकूट महोत्सव के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आंवला नवमी को सुबह अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति होगी। उसके बाद अतिप्राचीन रणछोड़जी, टीकमजी, पंचमुखी चिंताहरण हनुमान एवं भगवान पद्मनाभ सहित सभी देवालयों में विशेष श्रृंगार, अभिषेक के आयोजन भी होंगे।