धर्म डेस्क, इंदौर। गर्मी और मानसून के इस बदलते मौसम में आज का दिन कुछ राशियों के लिए नई खुशखबरी लेकर आया है तो कुछ को सतर्क रहने की ज़रूरत होगी। पं. हर्षित शर्मा के अनुसार, आज का दिन कुछ राशियों के लिए पदोन्नति और आर्थिक लाभ लेकर आएगा, वहीं कुछ को अपने स्वास्थ्य और साझेदारी को लेकर सजग रहना होगा। आइए जानते हैं किस राशि का दिन कैसा रहने वाला है।
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन ऊर्जा और नई जिम्मेदारियों से भरा रहेगा। आप खुद को स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस करेंगे, जिससे कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए आज का दिन विशेष शुभ रहेगा और कोई अच्छी खबर मिल सकती है। व्यापार में परिवार या प्रियजनों से आर्थिक सहायता मिलने की संभावना है। इसके साथ ही परिवार के साथ घूमने-फिरने का कार्यक्रम भी बन सकता है, जिससे रिश्तों में मिठास आएगी और मन प्रसन्न रहेगा।
वृषभ राशि के जातकों को आज कार्यक्षेत्र में अत्यधिक मेहनत करनी पड़ सकती है, जिसका असर उनकी सेहत पर पड़ सकता है। व्यापार में साझेदारों से धोखा मिलने की संभावना है, इसलिए सतर्क रहें। वाणी पर नियंत्रण रखें वरना पारिवारिक रिश्तों में खटास आ सकती है। आज का दिन संयम और सतर्कता बरतने का है।
मिथुन राशि के लोगों के लिए आज का दिन थोड़ी चिंता लेकर आया है। परिवार में किसी सदस्य के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रह सकती है। काम का अत्यधिक बोझ शारीरिक थकान और मानसिक तनाव का कारण बनेगा। व्यापार में नुकसान की आशंका है, इसलिए कोई नया काम शुरू न करें। पारिवारिक जीवन में जीवनसाथी से विवाद संभव है, इसलिए संयम और धैर्य बनाए रखें।
कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन शुभ संकेत लेकर आया है। किसी महत्वपूर्ण काम के लिए यात्रा करनी पड़ सकती है, जिससे सफलता मिलेगी। कानूनी मामलों में विजय मिलने की संभावना है। व्यापार में आय के नए अवसर मिलेंगे, जिससे आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। परिवार में मान-सम्मान बढ़ेगा और आपके निर्णयों को परिवार का समर्थन मिलेगा।
सिंह राशि के जातकों के लिए आज का दिन मुश्किल भरा हो सकता है। शारीरिक थकान और मानसिक तनाव आपको परेशान कर सकते हैं। घर या परिवार में कोई अप्रिय घटना घट सकती है। व्यापार में किसी अपने से धोखा मिलने की आशंका है। किसी अजनबी को बड़ी रकम देने से बचें। परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद की स्थिति बन सकती है। वाहन चलाते समय सतर्क रहें।
कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन सफलता के संकेत लेकर आया है। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को शुभ समाचार मिल सकता है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, लेकिन माता-पिता की सेहत का ख्याल रखें। व्यापार में आर्थिक सहायता मिल सकती है, जिससे लाभ होगा। परिवार में किसी पुराने विवाद का समाधान होने से सुखद वातावरण बनेगा।
तुला राशि के लिए आज का दिन थोड़ी मुश्किलें लेकर आया है। किसी महत्वपूर्ण काम के रुक जाने से मन उदास रहेगा। आर्थिक तंगी के कारण किसी से मदद लेनी पड़ सकती है। व्यापार में भी मंदी के आसार हैं। परिवार में किसी अप्रिय घटना के कारण तनाव बढ़ सकता है। धैर्य से काम लें और जल्दबाजी से बचें।
वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन व्यस्तता भरा रहेगा। मौसम में बदलाव के कारण स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति से मुलाकात आर्थिक रूप से फायदेमंद साबित हो सकती है, लेकिन बड़े निवेश से बचें। पारिवारिक मामलों में कुछ परेशानियां सामने आ सकती हैं, जिनका धैर्य से समाधान करें।
धनु राशि के लोगों को आज स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। किसी साजिश का शिकार होने की आशंका है। व्यापार में नुकसान हो सकता है, इसलिए कोई नया काम शुरू न करें। परिवार में संपत्ति विवाद के संकेत हैं। मान-सम्मान में कमी का अनुभव हो सकता है। वाहन चलाते समय सावधानी रखें।
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहेगा। स्वास्थ्य में सुधार होगा लेकिन किसी करीबी से बुरी खबर मिलने की संभावना है। व्यापार में नुकसान की आशंका है, इसलिए कोई बड़ा फैसला न लें। आज नया वाहन या कोई बड़ा सौदा करने से बचें।
कुंभ राशि के लिए आज का दिन थोड़ा कमजोर रहेगा। स्वास्थ्य में गिरावट महसूस हो सकती है, इसलिए खान-पान पर ध्यान दें। व्यापार में जोखिम से बचें और किसी को बड़ी रकम उधार न दें। शेयर बाजार में निवेश से भी बचें। वाहन सावधानी से चलाएं। अच्छी बात यह है कि परिवार में मतभेद खत्म होंगे और रिश्तों में मिठास आएगी।
मीन राशि वालों को परिवार में किसी अप्रिय समाचार से दुख पहुंच सकता है। व्यापार में शत्रुओं से सावधान रहें। आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है, इसलिए कार्यक्षेत्र में कोई बड़ा बदलाव न करें। हालांकि, परिवार का साथ आपको मिलेगा, जिससे मुश्किल समय में राहत महसूस होगी। कुछ मतभेद भी उभर सकते हैं, लेकिन समझदारी से हल हो जाएंगे।