
धर्म डेस्क, इंदौर। 25 जुलाई 2025 का दिन ज्योतिष के नजरिए से कई राशियों के लिए नए अवसर लेकर आया है तो कुछ राशियों के लिए यह दिन थोड़ी सावधानी की मांग कर रहा है। आइए जानते हैं कि आज किस राशि के सितारे बुलंदी पर हैं और किसे संयम और सतर्कता से काम लेना चाहिए।
मेष राशि वालों को आज सेहत को लेकर थोड़ी परेशानी रह सकती है। अचानक किसी काम से शहर से बाहर यात्रा करनी पड़ सकती है। व्यापार में उतार-चढ़ाव बने रहेंगे, इसलिए कोई भी निर्णय जल्दबाज़ी में न लें। परिवार में किसी बात पर मतभेद से मानसिक तनाव संभव है। दिनभर धैर्य और संयम बनाए रखना जरूरी होगा।
वृषभ राशि के लिए आज का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया है। मन प्रसन्न रहेगा और नई शुरुआत करने का जज़्बा जागेगा। कार्यक्षेत्र में किसी प्रियजन का सहयोग मिलेगा, जिससे उत्साह बढ़ेगा। व्यापार में तरक्की के नए रास्ते खुल सकते हैं। परिवार में किसी नए सदस्य के आगमन से घर में उत्सव जैसा माहौल रहेगा। धार्मिक यात्रा पर जाने के योग भी बन रहे हैं।
मिथुन राशि के जातकों के लिए आज का दिन थोड़ा कठिन साबित हो सकता है। सेहत में गिरावट और किसी करीबी के व्यवहार से दुख संभव है। व्यापार में सहयोगियों से धोखा मिल सकता है, इसलिए आंख मूंदकर भरोसा न करें। वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें क्योंकि दुर्घटना की संभावना है।
कर्क राशि वालों को आज फूंक-फूंक कर कदम रखने की सलाह दी जाती है। किसी भी बड़े निर्णय को फिलहाल टालना ही बेहतर रहेगा, विशेषकर नई साझेदारी या निवेश से दूर रहें। खुद की सेहत के साथ-साथ जीवनसाथी के स्वास्थ्य को लेकर भी सतर्क रहें। गाड़ी चलाते समय सावधानी बरतें।
सिंह राशि के लोगों की तबीयत आज थोड़ी नासाज़ रह सकती है। व्यापार में साझेदारों से सतर्क रहना होगा, वरना कार्य में बाधा आ सकती है। नए लेन-देन से बचें और वाहन संभलकर चलाएं।
कन्या राशि वालों को भी आज कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। मन बेचैन रहेगा और कारोबार में नुकसान की संभावना है। किसी महत्वपूर्ण काम में रुकावट आ सकती है और पारिवारिक उलझनें बढ़ सकती हैं। पत्नी के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता संभव है, इसलिए किसी भी बड़े जोखिम से बचें।
तुला राशि के जातकों के लिए आज स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। आप जमीन या मकान खरीदने का निर्णय ले सकते हैं। किसी खास काम के लिए यात्रा करनी पड़ सकती है। पारिवारिक विवादों से दूर रहें, वरना नुकसान झेलना पड़ सकता है।
वृश्चिक राशि वालों का दिन सामान्य रहेगा। कोई नया काम शुरू कर सकते हैं जो भविष्य में लाभ देगा। घर में किसी शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है और किसी नए मेहमान का आगमन भी संभव है, जिससे घर में खुशी का माहौल रहेगा।
धनु राशि के लोगों को आज विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। वाहन चलाते समय पूरी सावधानी रखें। कोई पुराना काम पूरा हो सकता है, लेकिन कानूनी मामलों में नुकसान संभव है। वाणी पर नियंत्रण रखें और किसी विवाद में न उलझें।
मकर राशि वालों के लिए आज यात्रा के योग हैं। परिवार के साथ लंबी यात्रा पर जा सकते हैं। किसी खास व्यक्ति से मुलाकात आपके काम बना सकती है। नौकरीपेशा लोगों को तरक्की के अवसर मिल सकते हैं और अधिकारियों से संबंध बेहतर होंगे।
कुंभ राशि वालों के लिए दिन शुभ रहेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और मानसिक तनाव दूर होगा। पारिवारिक संबंध मजबूत होंगे। हालांकि पड़ोसियों से विवाद हो सकता है, इसलिए बोलचाल में संयम बरतें। कोई नया काम शुरू करने की योजना बन सकती है। नया वाहन खरीदने पर भी विचार कर सकते हैं।
मीन राशि वालों को पारिवारिक समस्याओं से राहत मिल सकती है, लेकिन मन में थोड़ी अशांति बनी रहेगी। सेहत का ध्यान रखें, विशेषकर पत्नी के स्वास्थ्य को लेकर चिंता हो सकती है। वाहन चलाते समय सतर्क रहें और लंबी यात्रा करनी पड़ सकती है।