धर्म डेस्क, इंदौर। सोमवार 04 अगस्त 2025 का दिन ग्रह-नक्षत्रों की दृष्टि से कुछ राशियों के लिए शुभ संकेत लेकर आया है, तो कुछ को आज संयम और सतर्कता के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है। दिन की शुरुआत में चंद्रमा की स्थिति कार्यक्षेत्र में बदलाव और पारिवारिक जीवन में हलचल का संकेत दे रही है।
आइए जानते हैं आज का राशिफल 12 राशियों के लिए...
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन कई खुशखबरी लेकर आया है। आपके करियर में कुछ नई पहल की शुरुआत हो सकती है। पुराने मित्रों से मुलाकात के योग हैं, जिससे न केवल यादें ताजा होंगी बल्कि भविष्य के लिए कुछ योजनाएं भी बन सकती हैं। व्यापार में बढ़ोत्तरी के संकेत मिल रहे हैं, वहीं नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति या सराहना मिलने की संभावना है। पारिवारिक वातावरण उत्सवमय बना रहेगा।
आज वृषभ राशि वालों को थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है। मन में असमंजस की स्थिति बनी रह सकती है और परिजनों की सेहत को लेकर चिंता रहेगी। व्यापार सामान्य रहेगा, लेकिन नई संभावनाएं तलाशना जरूरी है। संपत्ति से जुड़े मामलों में सावधानी बरतें, कोई निर्णय जल्दबाजी में न लें। अगर निवेश की योजना है, तो पहले सभी दस्तावेजों की भली-भांति जांच कर लें।
मिथुन राशि के जातकों के लिए आज का दिन मिश्रित परिणाम देने वाला रहेगा। स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिलेगा लेकिन आर्थिक मोर्चे पर कुछ समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। व्यापारिक साझेदारी में अनबन की आशंका है। जीवनसाथी से विवाद हो सकता है, अतः निजी बातें साझा करते समय सावधानी बरतें।
कर्क राशि वालों को आज कोई अच्छा समाचार मिल सकता है। यह दिन निवेश या संपत्ति से जुड़े फैसलों के लिए अनुकूल है। व्यापार में लाभ की संभावना है और आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। पारिवारिक जीवन में थोड़े बहुत मतभेद हो सकते हैं, जिन्हें संवाद और समझदारी से सुलझाया जा सकता है। किसी शुभ कार्य का आयोजन घर में हो सकता है।
सिंह राशि के जातकों के लिए दिन कुछ कठिनाइयों भरा हो सकता है। आर्थिक बाधाएं सामने आ सकती हैं और व्यापार में नुकसान की आशंका है। आज किसी के बहकावे में न आएं और हर निर्णय सोच-समझकर लें। पारिवारिक विवाद को टालने के लिए शांतिपूर्ण संवाद जरूरी है। किसी भरोसेमंद व्यक्ति से धोखा मिल सकता है, अतः गोपनीय बातें साझा करने से बचें।
कन्या राशि वालों के लिए दिन सामान्य रहेगा। सेहत को लेकर थोड़ा सचेत रहना होगा, खासकर पेट संबंधी समस्याओं से परेशान हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र में थोड़ा दबाव महसूस होगा, जबकि व्यापार में स्थिरता बनी रहेगी। यदि आप साझेदारी में काम कर रहे हैं, तो आज मतभेद उभर सकते हैं। निवेश से पहले सोच-विचार जरूर करें।
तुला राशि के जातकों को आज स्वास्थ्य में थोड़ी राहत जरूर मिलेगी लेकिन पारिवारिक मोर्चे पर तनाव रह सकता है। नौकरीपेशा लोगों के लिए यह दिन सराहना लेकर आएगा, हालांकि व्यापार में कुछ आर्थिक सहारा लेने की ज़रूरत पड़ सकती है। करियर में बदलाव की योजना टालना ही उचित रहेगा। वाणी पर संयम रखने से टकराव टल सकते हैं।
वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन बेहद शुभ रहेगा। जो भी कार्य हाथ में लेंगे, उनमें सफलता मिलने की संभावना है। घर में मांगलिक आयोजन के योग बन रहे हैं। रिश्तों में सामंजस्य बना रहेगा और किसी प्रियजन की नौकरी या पदोन्नति की खबर पूरे परिवार को खुशी दे सकती है। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।
धनु राशि के जातकों के लिए आज का दिन नई योजनाओं के लिए शुभ है। व्यापार में लाभ और नई साझेदारियों के संकेत मिल रहे हैं। करियर को नई दिशा देने के लिए यह समय उत्तम है। पारिवारिक विवाद दूर होंगे और घर में किसी नए सदस्य के आगमन से आनंद का वातावरण बनेगा। लेकिन निजी बातों को साझा करने से बचें।
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहेगा। सेहत संबंधी छोटी मोटी परेशानी हो सकती है। कार्यक्षेत्र में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है लेकिन पारिवारिक जीवन में मधुरता लौटेगी। व्यापार में स्थिरता बनी रहेगी लेकिन नए काम की शुरुआत सोच-समझकर करें। सरकारी कार्यों में देरी हो सकती है।
कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद बढ़ सकता है। पारिवारिक विवाद से मन अशांत रहेगा, इसलिए वाणी पर नियंत्रण रखें। स्वास्थ्य को लेकर सावधानी रखें, खासकर मौसमजनित बीमारियों से बचाव जरूरी है। व्यापार सामान्य रहेगा, लेकिन जोखिम लेने से बचें।
मीन राशि के लिए आज का दिन अद्भुत और उन्नति से भरा रहेगा। कार्यक्षेत्र में सफलता और प्रमोशन के संकेत मिल रहे हैं। व्यापारियों को रुका हुआ धन वापस मिल सकता है। बॉस से संबंधों में मिठास बढ़ेगी। घर में शुभ कार्य के आयोजन से खुशी का माहौल बनेगा। यह दिन नई शुरुआत और सकारात्मकता से भरपूर रहेगा।