Akbar Birbal Kissa: अकबर की गलती से हुई थी बीरबल की मृत्यु, लाश तक नहीं मिली थी… पढ़िए पूरा किस्सा
बादशाह अकबर और उनके नौ रत्नों में शामिल मंत्री बीरबल के किस्से सभी ने सुने हैं। हालांकि बहुत कम लोगों को पता है कि बीरबल का निधन कैसे हुआ। इतिहासकारों ने इस बारे में कहीं-कहीं जिक्र किया है। बीरबल की मृत्यु को कुछ लोगों ने साजिश भी बताया है।
Publish Date: Mon, 27 Jan 2025 01:17:11 PM (IST)
Updated Date: Mon, 27 Jan 2025 08:48:57 PM (IST)
अकबर और बीरबल।HighLights
- अफगानिस्तान में हुई थी बीरबल की मृत्यु
- कबीलों से युद्ध के लिए भेजा था बदशाह ने
- अकबर को भी नहीं मिला था बीरबल का शव
धर्म डेस्क, इंदौर। बादशाह अकबर और उनके सबसे प्रिय मंत्री बीरबल के किस्से आज भी लोकप्रिय हैं। बादशाह अकबर जब भी मुश्किल में फंसते थे, तो नौ रत्नों में शामिल अपने मंत्री बीरबल को याद करते थे। यही नहीं, अकबर कई बार बीरबल की परीक्षा भी लेते थे।
इस बीच, एक सवाल उठता है कि आखिर बीरबल की मृत्यु कैसे हुई। इतिहास की कुछ किताबों में इसका जिक्र है और कई लोग बीरबल की मृत्यु के लिए बादशाह अकबर को ही दोषी मानते हैं।
![naidunia_image]()
अफगानिस्तान में हुई थी बीरबल की मृत्यु
- यह तब की बात है जब अफगानिस्तान तक बादशाह अकबर का राज था। इतिहासकार शमी जमां ने अपनी किताब ‘अकबर’ में लिखा है कि तब स्वात और बाजौर में कुछ कबीलों का आतंक था।
- कबीलाई लड़ाकों से निपटने के लिए अकबर ने अपने सेनापति खान कोका को भेजा था, लेकिन वो हार गया। इसके बाद अकबर ने युद्ध के मैदान में बीरबल को भेजने का फैसला किया, जो बिल्कुल गलत था।
- बीरबल युद्ध के मैदान में तलवारबाजी करने वाले इंसान नहीं थे। दरबार में बैठकर दुश्मन के खिलाफ रणनीति बनाना उन्हें बखूबी आता था। बीरबल अफगानिस्तान में मारे गए।
- कहीं-कहीं ऐसा भी लिखा गया है कि खान कोका ने ही साजिशन बीरबल को अफगानिस्तान बुलाया और फिर पहाड़ी से धक्का दे दिया। उस समय भी बीरबल की मौत को लेकर सालों तक अफवाहों का दौर चला।
- कुछ लोगों ने कहा कि बीरबल एक विशालकाय चट्टान के नीचे दब गए। उनका पार्थिव शरीर भी नहीं मिला। अंतिम संस्कार भी नहीं हो पाया। कुछ ने कहा कि उनकी मौत की खबर अफवाह थी।
- बीरबल सालों तक अफगानिस्तान में साधु के वेश में रहे। बहरहाल, बीरबल की मृत्यु बादशाह अकबर के लिए बहुत बड़ा झटका थी। उनके जाने के बाद अकबर गुमसुम रहने लगे।
यहां भी क्लिक करें - अकबर ने पूछे थे 3 मुश्किल सवाल… बीरबल के बेटे ने आसानी से दिया जवाब, बादशाह को छोड़नी पड़ी थी गद्दी
मध्य प्रदेश में हुआ था बीरबल का जन्म, नाम था महेश दास दुबे
बीरबल के बचपन का नाम महेश दास दुबे थे। उनका जन्म मध्य प्रदेश के सीधी जिले के घोघरा गांव में हुआ था। इस गांव में आज भी उनके वंशज रहते हैं। हालांकि ये सभी किसान हैं और इनकी आर्थिक स्थिति खराब है।