अश्विनी नक्षत्र
इस नक्षत्र में जन्म लेने वाले जातक देखने में सुन्दर, धनी और साधारणतया भाग्यवान होते हैं।
By Shailendra Kumar
Edited By: Shailendra Kumar
Publish Date: Wed, 12 Apr 2023 05:23:00 PM (IST)
Updated Date: Wed, 12 Apr 2023 05:23:00 PM (IST)
Ashwini Nakshatra: ज्योतिष शास्त्र में नक्षत्रों की गणना में इसे पहला माना जाता है। इस नक्षत्र का स्वामी केतु ग्रह है, जबकि इस नक्षत्र के देवता अश्विनी कुमार हैं। इसकी आकृति अश्वमुख की भांति है। इस नक्षत्र में जन्म लेने वाले जातक देखने में सुन्दर होते हैं। यह धनी होते हैं और साधारणतया भाग्यवान होते हैं। ये चतुर होते हैं तथा इनकी बुद्धि तीक्षण होती है। ये शान्त स्वभाव परन्तु होशियार होते हैं। ये अच्छे सलाहकार होते है और उत्तम मित्र सिद्ध होते हैं।
विशेषता
इस नक्षत्र में जन्मे जातक कई विषयों के ज्ञाता होते हैं तथा इनकी गुप्त विद्या, ज्योतिष आदि में अधिक रूचि होती है। इस नक्षत्र में जन्मे पुरुषों के लिए सबसे उपयुक्त पेशा है, अपना बिजनेस। इन लोगों को किसी के अधीन रहने के बजाय स्वयं का स्वामी बनना पसंद होता है। व्यवसाय के अलावा इन पुरुषों को रचनात्मक क्षेत्रों जैसे संगीत, साहित्य, विज्ञापन आदि में भी रुचि होती है। इस नक्षत्र की स्त्रियां सुन्दर दिल की साफ, स्पष्ट एवं व्यवहार कुशल होती है।