
धर्म डेस्क। भगवान शिव के रौद्र स्वरूप माने जाने वाले काल भैरव की उपासना भारतीय धर्म परंपरा में विशेष स्थान रखती है। उन्हें काशी का कोतवाल कहा जाता है। मान्यता है कि काल भैरव धर्म और न्याय के रक्षक हैं। वे अपने भक्तों को भय, संकट और नकारात्मक शक्तियों से बचाते हैं।
भैरव अष्टमी इसी आराध्य स्वरूप के प्राकट्य का पर्व एक दिसंबर शुक्रवार को मनाया जायेगा। इस दिन मंदिरों में अभिषेक, विशेष श्रृंगार, हवन और भोग के साथ आराधना की जाती है।
ग्वालियर में भी भैरव उपासना की समृद्ध परंपरा रही है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित पांच प्राचीन भैरव मंदिर अपने इतिहास, प्रतिमाओं की विशेषता और लोक आस्थाओं के कारण अलग पहचान रखते हैं।
इन मंदिरों में कहीं साधु-संतों की तपस्या की स्मृतियां जुड़ी हैं तो कहीं स्वयंभू प्रतिमा और त्रिमूर्ति स्वरूप भक्तों को आकर्षित करता है।

भैलसे वाली माता मंदिर के ऊपर पहाड़ी पर स्थित भैरवनाथ मंदिर को शहर के प्राचीनतम भैरव स्थलों में गिना जाता है। इसकी प्राचीनता करीब 500 वर्ष बताई जाती है। मान्यता है कि पुराने समय में इस पहाड़ी पर साधु-संत तपस्या किया करते थे। उनकी साधना से जुड़ी लोक मान्यता के अनुसार यहां भैरवनाथ की प्रतिमा प्रकट हुई। समय के साथ यह स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया। भक्त यहां अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। मान्यता है कि भैरवनाथ के दर्शन और पूजन से भय और बाधाएं दूर होती हैं। पहाड़ी पर स्थित होने के कारण मंदिर तक पहुंचने का अनुभव भी भक्तों के लिए विशेष होता है। यहां की प्राचीनता और तपस्या से जुड़ी मान्यताएं इस मंदिर को विशिष्ट बनाती हैं।

शहर के व्यस्त सराफा बाजार में स्थित बटुक भैरव मंदिर की पहचान बाल स्वरूप में विराजित भैरवनाथ से है। यहां करीब 250 वर्ष पुरानी स्वयंभू प्रतिमा स्थापित है। मंदिर की देखरेख से जुड़े कारोबारी संदीप मित्तल के अनुसार, उनके परिवार का इस स्थान से विशेष जुड़ाव रहा है। वर्ष 1977 में उनके पिता को स्वप्न में भैरवजी ने गरुड़ भैरव के स्वरूप में दर्शन दिए थे। इसके करीब छह माह बाद परिवार ने इस स्थान को खरीदा। इसके बाद यहां पूजा-अर्चना की परंपरा आगे बढ़ी।
बच्छराज का बाड़ा स्थित आशापूर्ण भैरव मंदिर अपनी त्रिमूर्ति प्रतिमा के कारण विशेष पहचान रखता है।पारसमल पारख, खेमचंद पारख व संजीव पारख ने बताया कि करीब 124 वर्ष पुराने इस मंदिर में तीन भैरव स्वरूप एक साथ विराजमान हैं। मंदिर की देखरेख से जुड़े संजीव पारख के अनुसार, बीच में तोलियासरजी भैरव, बाईं ओर अलाय के भैरवनाथ और दाईं ओर कोडमदेसर के भैरवजी स्थापित हैं। इस तरह श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर तीन स्वरूपों के दर्शन होते हैं। मंदिर का नाम आशापूर्ण भैरव होने के पीछे भी भक्तों की मान्यता जुड़ी है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना पूरी होती है।
सत्यनारायण की टेकरी स्थित प्राचीन भैरव मंदिर अपनी विशिष्ट संरचना और धार्मिक मान्यताओं के कारण अलग स्थान रखता है। मंदिर का निर्माण वैष्णोदेवी मंदिर की तर्ज पर किया गया है। इसकी विशेषता यह है कि नीचे गुप्त रास्ते से पहुंचने पर मां वैष्णोदेवी की प्रतिमा के दर्शन होते हैं, जबकि ऊपर भैरवनाथ विराजमान हैं। मंदिर का निर्माण चूने और गारे से हुआ है। मान्यता है कि प्राचीन समय में इस स्थान पर साधु-संत साधना किया करते थे। यहां मां वैष्णोदेवी और भैरवनाथ के दर्शन एक साथ होने से श्रद्धालुओं के लिए यह स्थल विशेष महत्व रखता है। भैरव अष्टमी पर मंदिर में विशेष पूजन और धार्मिक अनुष्ठान के साथ भंडारे का आयोजन किया जाता है। भक्त मां के दर्शन के बाद भैरवनाथ के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लेते हैं।

माधोगंज स्थित भैरवनाथ मंदिर स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ व्यापारिक समुदाय की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इस क्षेत्र में कारोबार करने वाले लोगों की भगवान भैरव के प्रति विशेष श्रद्धा है। मान्यता है कि भैरवनाथ अपने भक्तों की रक्षा करते हैं और व्यापार तथा जीवन में आने वाली बाधाओं से मुक्ति दिलाते हैं। श्रद्धालु अपने कामकाज की शुरुआत और विशेष अवसरों पर यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भैरव अष्टमी पर मंदिर में भगवान का अभिषेक किया जाता है। इसके बाद आकर्षक श्रृंगार, हवन और प्रसादी वितरण होता है। पर्व पर मंदिर में भक्तों की आवाजाही बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों के लिए यह मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही आस्था और परंपरा का केंद्र भी है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार, मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान शिव के रौद्र स्वरूप काल भैरव का प्राकट्य हुआ था। इसी कारण इस तिथि को काल भैरव अष्टमी या भैरव जयंती के रूप में मनाया जाता है।