Importance of Mantra: हिन्दू धर्म शास्त्रों में देवताओं की पूजा को काफी महत्व दिया गया है। उचित विधि से पूजा करने से देवता प्रसन्न होते हैं और कुंडली में मौजूद ग्रह-बाधाएं भी दूर होती हैं। लेकिन पूजा-पाठ के साथ मंत्र जाप को भी एक बड़ा उपाय माना गया है। मान्यता के मुताबिक मंत्रों का जाप करने या फिर उनको सुनने से मनुष्य को शक्ति मिलती है। ये मंत्र काफी चमत्कारी और कारगर होते हैं। अगर सच्चे मन से मंत्रों का जाप किया जाए तो पैसे की तंगी, बीमारी, गृहक्लेश आदि सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। आइये आपको कुछ सिद्ध मंत्रों के बारे में बताएं, जिन्हें समस्या विशेष में बहुत कारगर माना जाता है।
अगर आपके जीवन में अक्सर परेशानियां आती हैं, हर कार्य में बाधा खड़ी हो जाती है और इससे निकलते का कोई रास्ता नहीं मिल रहा, तो आपको बजरंगबली के मंत्र का जाप करना चाहिए। इनकी कृपा से शनि और मंगल के दोष दूर होते हैं और हनुमानजी के आशीर्वाद से सभी परेशानियां दूर होती हैं।
मंत्र - ॐ ॐ ऐं भ्रीं हनुमते श्रीराम दूताय नम:।।
अगर आप कोई नया काम शुरू कर रहे हैं, और इसमें सफलता पाना चाहते हैं, तो विघ्न-बाधाओं को दूर करने के लिए गणपति के मंत्र का जाप जरूर करें। इसे करने से काम में सफलता और शुभता आती है। किसी भी काम का श्रीगणेश इसी मंत्र के साथ करें, कोई विघ्न उपस्थित नहीं होगा और कामकाज में सफलता मिलेगी।
मंत्र - ॐ गं गणपतये नमः।।
अगर किसी को अपनी जान का खतरा बना हुआ है, या कोई गंभीर बीमारी है तो भगवान शिव के महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना चाहिए। इस मंत्र का जाप करने से भय दूर होता है और जान का संकट भी टल जाता है। मान्यता है कि इसका जाप करनेवालों के पास काल भी नहीं फटकता।
मंत्र- ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्। उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय माऽमृतात् ॥
अगर आपकी कोई मनोकामना है जो पूरी नहीं हो रही है तो भगवान विष्णु के मंत्र का रोजाना जाप करें। इसके जाप करने से सौभाग्य में बढ़ोतरी होती है और मनुष्य की सभी इच्छाएं पूर्ण होती हैं। भगवान विष्णु के प्रसन्न होने पर सांसारिक सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।
मंत्र - ऊॅं नमो: भगवते वासुदेवाय।।
अगर आप कर्ज के बोझ तले दब गए हैं और लाख कोशिशों के बाद भी उबर नहीं पा रहे हैं तो भगवान शिव के मंत्र का जाप करें। इसे करने से कर्ज दूर होता है और पैसे की किल्लत भी दूर हो जाती है। साथ ही मंगलवार को ऋण मोचन स्तोत्र का पाठ भी करें।
मंत्र - ॐ ऋणमुक्तेश्वर महादेवाय नम:।।
अगर आप ग्रह बाधा से परेशान हैं और तरक्की नहीं मिल रही है तो इसके लिए कुंडली में सूर्य का कमजोर होना वजह हो सकती है। सूर्य देव के मंत्र जाप से कुंडली में सूर्य का स्थिति मजबूत होती है। सूर्य अगर मजबूत हो, तो कोई भी दूसरा आपको ज्यादा परेशानी नहीं देगा। इसलिए सूर्य को हर दिन अर्ध्य दें और उनके मंत्र का जाप करें।
मंत्र - ॐ घृणि सूर्याय नम:।।
डिसक्लेमर
'इस लेख में दी गई जानकारी/सामग्री/गणना की प्रामाणिकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। सूचना के विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/धार्मिक मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संकलित करके यह सूचना आप तक प्रेषित की गई हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ सूचना पहुंचाना है, पाठक या उपयोगकर्ता इसे सिर्फ सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी तरह से उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता या पाठक की ही होगी।'