
धर्म डेस्क। आज सुबह उदय होते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ पर्व का समापन हो गया। इससे पहले कल रविवार को अस्त हेाते सूर्य को अर्घ्य दिया गया था। छठ पूजा पूरी होने के बाद व्रती अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत तोड़ सकेंगे। इसके बाद ही वे छठ का प्रसाद ग्रहण करेंगे। आइये समझते हैं कि किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने और पूजा संपन्न होने के बाद व्रती अपना 36 घंटे का निर्जला उपवास खोलते हैं। इसके लिए सबसे पहले जल ग्रहण किया जाता है। इसके बाद छठ का प्रसाद, अदरक या गुड़ खाकर पारण करने की परंपरा है।
व्रत खोलने के बाद तुरंत भारी भोजन करने से बचना चाहिए। शुरुआत हल्के और सात्विक आहार से करना उचित माना जाता है।

छठ घाट से पूजा का दउरा वापस घर लाते समय उसकी पवित्रता और परंपरागत नियमों का ध्यान रखा जाता है। मान्यता के अनुसार दउरा उठाने वाले व्यक्ति को नंगे पैर चलना चाहिए।
प्रसाद से भरे दउरे को कभी खाली नहीं लाना चाहिए और न ही रास्ते में उसे जमीन पर रखना चाहिए।
यदि रास्ते में थकान महसूस हो तो दउरा किसी दूसरे व्यक्ति को सौंप देना चाहिए, लेकिन उसे जमीन पर रखने से बचना चाहिए।
घर पहुंचने के बाद दउरे को उसी स्वच्छ और पवित्र स्थान पर रखा जाता है, जहां पूजा से पहले उसे रखा गया था।

छठ पूजा संपन्न होने के बाद प्रसाद वितरण की परंपरा निभाई जाती है। इसमें सबसे पहले परिवार के सदस्यों को प्रसाद दिया जाता है।
इसके बाद पड़ोसियों, रिश्तेदारों और परिचितों के बीच ठेकुआ, फल, चावल के लड्डू तथा अन्य पूजन सामग्री का प्रसाद बांटा जाता है।
छठ का प्रसाद बांटना केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और खुशियां साझा करने का भी प्रतीक माना जाता है।
छठ महापर्व समाप्त होने के बाद भी कुछ समय तक घर में शुद्धता और सात्विकता बनाए रखने की परंपरा है।
इस दौरान भोजन में सात्विक और शाकाहारी चीजों को प्राथमिकता दी जाती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार लहसुन-प्याज और मांसाहारी भोजन से परहेज करना शुभ माना जाता है।
घर के रसोईघर और पूजा स्थल की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। छठ से जुड़ी पवित्रता और अनुशासन की परंपराओं को आगे भी बनाए रखना चाहिए।
