Holi 2023: होली में राशि अनुसार चुने रंग, जिंदगी में मिलेगी अपार खुशियां
Holi according to zodiac: ज्योतिष शास्त्र में रंगों का विशेष महत्व
By Manoj Kumar Tiwari
Edited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Wed, 01 Mar 2023 09:03:25 AM (IST)
Updated Date: Wed, 01 Mar 2023 09:03:25 AM (IST)

बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। ज्योतिष शास्त्र में रंगों का विशेष महत्व है। रंगोत्सव जब सामने हो तो यह और भी खास हो जाता है। इस साल होली पर्व आठ मार्च को मनाया जाएगा। खुशी और उमंग के प्रतीक इस पर्व को हर आयु के लोग मनाना चाहते हैं। ज्योतिषशास्त्र के मुताबिक इस पर्व को और भी खास बनाने के लिए रंगों का चुनाव भी सोच समझकर करना चाहिए। राशि अनुसार रंग का चुनाव हो तो जिंदगी में अपार खुशियां मिलती हैं।
ज्योतिषाचार्य पंडित देव कुमार पाठक के अनुसार जीवन में रंग गहरा असर छोड़ते हैं। यह लाभ और हानि दोनों पहुंचा सकते हैं। सही रंग से घर में सुख समृद्धि का आगमन होगा तो गलत रंग से जीवन में समस्याएं भी आ सकती हैं। इसलिए सदैव इसका विशेष ख्याल रखना चाहिए।
मेष और वृश्चिक राशि: मेष और वृश्चिक राशि के जातकों का स्वामी मंगल है और मंगल का रंग लाल है। मंगल ऊर्जा का कारक ग्रह है। इसलिए इन दोनों ही राशि वालों को होली के दिन लाल रंग के गुलाबी रंग के गुलाल से होली खेलनी चाहिए।
वृषभ और तुला राशि: वृषभ और तुला राशि के जातकों का का राशि स्वामी शुक्र ग्रह हैं। जो कि मौज और उत्साह का कारक ग्रह है। शुक्र का रंग सफेद और गुलाबी है। सफेद रंग से होली खेलना संभव नहीं, इसलिए सिल्वर रंग या गुलाबी रंग से होली खेल सकते हैं।
मिथुन और कन्या राशि: मिथुन और कन्या राशि का स्वामी बुध ग्रह हैं। बुध बुद्धि व वाणिज्य का कारक ग्रह है। बुध का रंग हरा माना गया है। ऐसे में शुभ फलों की प्राप्ति के लिए और जीवन में सुख-शांति बनी रहे, इसके लिए इन दोनों राशि वालों को हरे रंग से होली खेलनी चाहिए। संभव हो तो कपड़ा भी हरा पहनना चाहिए।
कर्क राशि: इसी तरह कर्क राशि का स्वामी ग्रह चंद्रमा हैं और चंद्रमा का रंग सफेद होता है। इसलिए कर्क राशि के लोग सिल्वर कलर से या गुलाबी रंग से होली खेल सकते हैं।
सिंह राशि: सिंह राशि का स्वामी सूर्य देव हैं। सूर्य ऊर्जा का कारक ग्रह है। सूर्य का रंग नारंगी है, इसलिए होली पर सिंह राशि को भी पीले या नारंगी रंग के गुलाल से होली खेलनी चाहिए।
धनु और मीन राशि: धनु और मीन का स्वामी देव गुरु बृहस्पति हैं और ज्योतिष शास्त्र में गुरु का रंग पीला बताया गया है। इसलिए इन दोनों ही राशि के लोगों को होली पर पीले रंग से होली खेलनी चाहिए। इससे आपके जीवन में शुभता आएगी।
मकर और कुंभ: मकर और कुंभ राशि का स्वामी शनि देव हैं। शनि का रंग काला और नीला बताया गया है। ऐसे में होली पर आप शनिदेव को प्रसन्न करने के लिए और हर तरह से ग्रह दोष से छुटकारा पाने के लिए नीले रंग से होली खेल सकते हैं। होली के दिन राशि अनुसार कपड़े पहनना और भी शुभ माना जाता है।
डिसक्लेमर
'इस लेख में दी गई जानकारी/सामग्री/गणना की प्रामाणिकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। सूचना के विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/धार्मिक मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संकलित करके यह सूचना आप तक प्रेषित की गई हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ सूचना पहुंचाना है, पाठक या उपयोगकर्ता इसे सिर्फ सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी तरह से उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता या पाठक की ही होगी।'