धर्म डेस्क, इंदौर। Grah Gochar January 2024: साल 2023 खत्म हो रहा है और हर किसी को नए साल का इंतजार है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, नए साल का पहला माह यानी जनवरी 2024, सभी राशियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। इस महीने 3 ग्रह अपनी राशि बदलेंगे।
इससे पहले देवगुरु बृहस्पति 31 दिसंबर से मार्गी हो जाएंगे। गुरु के मार्गी होने और नए साल के शुरू में 3 ग्रहों के राशि परिवर्तन का असर सभी राशियों पर पड़ेगा। ज्योतिषाचार्य प्रभु दयाल दीक्षित के अनुसार, इस राशि परिवर्तन से 3 राशि वालों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। ये हैं - मकर, वृश्चिक और धनु राशि।
सनातन धर्म में मकर संक्रांति का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन पूजा, तप और दान की परंपरा है। इस दिन सूर्य राशि परिवर्तन करते हैं। जब सूर्य धनु राशि को छोड़कर मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तो मकर संक्रांति मनाई जाती है। मकर संक्रांति से खरमास समाप्त हो जाता है। 15 जनवरी को रात 02:43 बजे सूर्य देव, मकर राशि में प्रवेश करेंगे।
सुख के कारक ग्रह शुक्र, जनवरी माह में राशि परिवर्तन करेंगे। नए साल की शुरुआत में शुक्र देव वृश्चिक राशि में विराजमान होंगे। इसके बाद 18 जनवरी को रात्रि 8.56 बजे धनु राशि में प्रवेश कर जाएंगे। शुक्र इस राशि में 25 दिनों तक रहेंगे। इसके बाद 12 फरवरी को मकर राशि में गोचर करेंगे।
ग्रहों के राजकुमार बुध 7 जनवरी को धनु राशि में प्रवेश करेंगे। इससे पहले 2 जनवरी को बुध मार्गी होंगे। राशि परिवर्तन के दौरान बुध 20 जनवरी को पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में गोचर करेंगे, इसके बाद 30 जनवरी को उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे।
डिसक्लेमर
'इस लेख में दी गई जानकारी/सामग्री/गणना की प्रामाणिकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। सूचना के विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/धार्मिक मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संकलित करके यह सूचना आप तक प्रेषित की गई हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ सूचना पहुंचाना है, पाठक या उपयोगकर्ता इसे सिर्फ सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी तरह से उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता या पाठक की ही होगी।'