कृत्तिका नक्षत्र
इस नक्षत्र के जातकों की संगीत और कला के प्रति भी बहुत रुचि होती है और सिखाने का काम भी बख़ूबी कर सकते हैं।
By Shailendra Kumar
Edited By: Shailendra Kumar
Publish Date: Fri, 14 Apr 2023 07:44:22 PM (IST)
Updated Date: Fri, 14 Apr 2023 07:44:22 PM (IST)
Krittika Nakshatra: नक्षत्रों में तीसरा स्थान कृतिका नक्षत्र का है, जिसे कृत्तिका भी कहते हैं। इस नक्षत्र के स्वामी सूर्य और राशि के स्वामी शुक्र हैं। यह नक्षत्र आकाश मंडल में अग्निशिखा, लौ, छुरे की धार, कुल्हाड़ी, या चाकू की तरह दिखाई देता है। खुली आंखों से देखा जाए तो यह 6 तारों का समूह है, जो वृषभ राशि के समीप दिखाई पड़ता है। कृतिका नक्षत्र का नाम भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय से जुड़ा हुआ है। कार्तिकेय देवताओं के सेनापति हैं, इसलिए इस नक्षत्र में जिन लोगों का जन्म होता है, वे काफी तेजस्वी और तीक्ष्ण बुद्धि के स्वामी होते हैं।
विशेषता
इस नक्षत्र के जातक अत्यधिक परिश्रमी होने की वजह से निरंतर कर्म करने में विश्वास रखते हैं। शिक्षा का क्षेत्र हो अथवा नौकरी या व्यवसाय, ये लोग सबसे आगे रहना पसंद करते हैं। इन्हें आम तौर पर जन्मभूमि से दूर रहकर ही ज़्यादा सफलता मिलती है। ये दूसरों को उनकी समस्याओं से निपटने के लिए अच्छी सलाह देने में सक्षम हैं। इनमें धन कमाने की भी अपूर्व योग्यता होती है।