
रामकृष्ण मुले, इंदौर। सिख समाज द्वारा सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानकदेव महाराज का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा। वे दूसरी यात्रा के दौरान 509 साल पहले इंदौर, बेटमा और ओंकारेश्वर आए थे। 1517 में उनके आगमन का उल्लेख पुरातन ग्रंथ गुरु खालसा में मिलता है।
जहां-जहां उन्होंने शबद सुनाया वहां ऐतिहासिक महत्व के गुरु घर बने। इन स्थानों पर आज भी हर साल कई धार्मिक आयोजन होते हैं, जिनमें हजारों की संख्या में संगत एकत्रित होती है। समय के साथ इन गुरुद्वारों ने नवीन स्वरूप धारण किया। आज भी इन स्थानों से कई सेवा कार्य संचालित किए जाते है।
गुरु नानक देव महाराज उनकी दूसरी यात्रा के दौरान दक्षिण से होते हुए इंदौर आए थे। यहां खान नदी के किनारे इमली के पेड़ के नीचे आसन लगाकर शबद सुनाया था इसलिए जब यहां गुरुद्वारा बना ती उसका नाम गुरुद्वारा इमली साहिब रखा गया। पहले इस स्थान की सेवा संभाल उदासी मत के पैरोकारों ने और रमईया सिंखो ने संभाली। इसके बाद होलकर स्टेट के सहयोग के लिए फौज पंजाब से आई तो उन्होंने गुरुद्वारे की सेवा संभाल की। शहर के इस सबसे प्रमुख गुरुद्वारे की व्यवस्था गुरुसिंघ सभा द्वारा की जा रही है।
गुरु नानकदेव महाराज दूसरी यात्रा के दौरान बेटमा साहिब भी आए थे। गुरु खालसा में उनकी यात्रा का उल्लेख है। पुरातन कथाओं के अनुसार यह स्थान राजा गोपीचंद की नगरी के नाम से पहचाना जाता था। इस स्थान पर भीलों का आतंक था। गुरुजी ने उन्हें अहिंसा का संदेश दिया। कहा जाता है कि उनके आगमन से यहां बावड़ी का खारा पानी मीठा हो गया। इसके चलते यहां बने गुरुद्वारे का नाम बावड़ी साहिव पड़ा। 1964 में यह गुरुद्वारा गुरुसिंध सभा के पास रजिस्टर्ड है। गुरु खालसा के अनुसार 1517 में गुरु नानकदेव छह माह यहां रूके थे।
सगत के सहयोग से इस स्थान पर 1961 में गुरुद्वारे का निर्माण कार्य शुरू हुआ। उनके प्रयत्नों से ओंकारेश्वर गुरुद्वारे का निर्माण शुरू हुआ। इंदौर, बड़वाह, सनावद, खंडवा, झिरानेया, खरगोन की संगत ने इसमें योगदान दिया। यहां हर साल तीन गुरमत होते हैं। गुरु नानकदेव महाराज की यात्रा से जुड़े ये ऐतिहासिक स्थल आज भी सिख समाज की धार्मिक चेतना और विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां होने वाले आयोजनों में नई पीढ़ी को गुरुजी के जीवन, उपदेशों और मानवता की सेवा के संदेश से परिचित कराया जाता है।
- (गुरुसिंघ सभा के महासचिव प्रीतपालसिंह भाटिया, गुरुद्वारा खालसाबाग के सचिव देवेंद्रसिंह गांधी, चरणजीतसिंह सलूजा, चरणजीतसिंह खनूजा से मिली जानकारी के अनुसार)