नईदुनिया प्रतिनिधी, ओंकारेश्वर। पवित्र सावन माह की शुरुआत इस वर्ष 4 जुलाई से हो रही है और इसके साथ ही संपूर्ण भारत में भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व आरंभ हो जाएगा। इसी कड़ी में मां नर्मदा के तट पर स्थित खेड़ी घाट (मोरटक्का) स्थित महर्षि वाल्मीकि धाम आश्रम में सावन को आध्यात्मिक भक्ति और मंत्रोच्चार से भरे भव्य आयोजन के रूप में मनाया जाएगा।
आश्रम के संस्थापक लखन सिंह तंवर ने जानकारी दी कि पूरे एक महीने तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन विद्वान आचार्यों द्वारा 2,51,000 बार 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप किया जाएगा। यह आयोजन न केवल शिव उपासना को समर्पित होगा, बल्कि समाज में धार्मिक चेतना और जागरूकता भी फैलाएगा।
इस आयोजन में देशभर से श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है। महर्षि वाल्मीकि धाम आश्रम में होने वाले इस भक्ति महोत्सव को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आश्रम परिवार का मानना है कि यह आयोजन न केवल शिव आराधना का केंद्र बनेगा, बल्कि यह लोगों को आध्यात्मिक जीवन जीने की प्रेरणा भी देगा।
सावन मास के दौरान ओंकारेश्वर और आसपास के क्षेत्र में कई मंदिरों और तीर्थस्थलों पर महाआरती, हवन, भंडारे और विशेष पूजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। यह आयोजन धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देता है और बड़ी संख्या में शिव भक्त, साधक और तांत्रिकों को एकत्र करता है।
श्रद्धालुओं के लिए आयोजन स्थल पर भोजन, रुकने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और जलपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय प्रशासन भी इस धार्मिक आयोजन की सफलता हेतु सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रहा है।