
धर्म डेस्क। मध्य प्रदेश की सतपुड़ा पहाड़ियों के बीच बसा पचमढ़ी सिर्फ अपनी खूबसूरत वादियों और झरनों के लिए ही नहीं, बल्कि धार्मिक मान्यताओं के लिए भी जाना जाता है। यहां की गुफाओं, पहाड़ियों और प्राचीन शिव मंदिरों में आस्था की एक अलग ही झलक देखने को मिलती है। खासकर जटाशंकर गुफा ऐसी जगह है, जहां प्रकृति की बनाई चट्टानों को भगवान शिव का स्वरूप मानकर पूजा जाता है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं।
25 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले पचमढ़ी उत्सव के दौरान भी पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ धार्मिक विरासत को करीब से देख सकते हैं।
पचमढ़ी की जटाशंकर गुफा को लेकर एक प्रचलित पौराणिक कथा है। मान्यता के अनुसार, भस्मासुर ने भगवान शिव की तपस्या करके ऐसा वरदान प्राप्त किया था कि वह जिसके सिर पर हाथ रखेगा, वह भस्म हो जाएगा। वरदान मिलने के बाद उसने भगवान शिव को ही भस्म करने की कोशिश की।
कहा जाता है कि भस्मासुर से बचने के लिए भगवान शिव ने इसी गुफा में शरण ली थी। इसी वजह से इस स्थान को शिवभक्तों के बीच खास महत्व प्राप्त है।
गुफा के भीतर प्राकृतिक रूप से बनी चट्टानों को शिवलिंग के रूप में पूजा जाता है। यहां चट्टानों की बनावट भगवान शिव की जटाओं जैसी दिखाई देती है, इसलिए इसका नाम जटाशंकर पड़ा। गुफा में बहने वाली प्राकृतिक जलधारा को भी श्रद्धालु पवित्र मानते हैं।
पचमढ़ी के आसपास जटाशंकर के अलावा महादेव और छोटा महादेव जैसे धार्मिक स्थल भी हैं। चौरागढ़ पहाड़ी पर स्थित शिव मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को सैकड़ों सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। यहां भक्त भगवान शिव को त्रिशूल चढ़ाते हैं। महाशिवरात्रि के दौरान इस स्थान पर विशेष भीड़ देखने को मिलती है।
इन पहाड़ियों में स्थित गुफाएं और प्राकृतिक जलधाराएं शिव उपासना से जुड़ी स्थानीय मान्यताओं को और गहरा करती हैं।
पचमढ़ी को लंबे समय से साधना और आध्यात्मिक शांति के लिए उपयुक्त स्थान माना जाता रहा है। घने जंगल, शांत पहाड़ियां और प्राकृतिक गुफाएं इसे दूसरे धार्मिक स्थलों से अलग बनाती हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह केवल दर्शन की जगह नहीं, बल्कि कुछ समय प्रकृति के बीच बिताने और मन को शांत करने का भी अवसर है।
यही वजह है कि पचमढ़ी की पहचान सिर्फ सतपुड़ा की रानी के रूप में नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के एक खास आध्यात्मिक पर्यटन स्थल के रूप में भी बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- रामायणकाल में भी था एआई, मारीच ने रचा था डीपफेक, युवा धर्म संसद में बोले स्वामी अवधेशानंद गिरि