
राजेश जयंत, उदयगढ़। आदिवासी समाज में देव जागरण की तिथि पंचांग से नहीं, बल्कि चंद्रमा और तारों की स्थिति देखकर निर्धारित की जाती है। रात के आसमान में चंद्रमा के आसपास तारों की दिशा और उनसे उसकी दूरी का अवलोकन कर समाज के जानकार देवों के जागने का दिन तय करते हैं।
इसी गणना से शुभ-अशुभ समय का भी पता लगाया जाता है। इस पारंपरिक पद्धति के अनुसार देवउठनी ग्यारस के बाद रविवार को झाबुआ-आलीराजपुर अंचल में देव जागरण पर्व मनाया गया।
शाम और रात बाबदेव के स्थानों पर पूजा होगी। पशुधन की सलामती के लिए मिट्टी के घोड़े और धाबे चढ़ाए गए। रात में बालिकाएं सिर पर जलते दीपक वाली मटकी रखकर लोकगीत गाते हुए घर-घर पहुंचेंगी और डोहा खेलेंगी।
आमतौर पर धार्मिक पर्वों की तिथियां पंचांग से तय होती हैं, लेकिन आदिवासी समाज अपनी पारंपरिक खगोलीय गणना अपनाता है। इसमें चंद्रमा के आसपास तारों की स्थिति, दिशा और दूरी देखकर देव जागरण का दिन निर्धारित किया जाता है। समाज के बुजुर्गों का यह ज्ञान पीढ़ियों से आगे बढ़ रहा है। सामान्य धार्मिक मान्यता में देवउठनी ग्यारस को देव जागरण का दिन माना जाता है, लेकिन स्थानीय समाज अपनी गणना के अनुसार आयोजन करता है।
बाबदेव की पूजा में चढ़ावे का संबंध परिवारों के पशुधन से है। गाय पालने वाले परिवार मिट्टी के घोड़े, जबकि भैंस पालने वाले परिवार मिट्टी के धाबे अर्पित करते हैं। इनके माध्यम से पशुओं की रक्षा और स्वस्थ रहने की कामना की जाती है। स्थानीय कुम्हार इन आकृतियों को तैयार करते हैं। पूजा में मुर्गा, बकरा और शराब का भोग भी लगाया जाता है। इस तरह पर्व धार्मिक आस्था के साथ पशुधन और पारंपरिक कुम्हारी कला से भी जुड़ा है।
रात में बालिकाएं मिट्टी की मटकी में दीपक जलाकर सिर पर रखती हैं। समूह में पारंपरिक गीत गाते हुए वे घर-घर पहुंचती हैं और डोहा खेलती हैं। यह स्थानीय सामूहिक नृत्य-खेल है, जिसकी शैली गरबा से मिलती-जुलती है। ग्रामीण परिवार बालिकाओं के आगमन को शुभ मानकर उन्हें शगुन के रूप में रुपये देते हैं। यह आयोजन लोकगीतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है।
आदिवासी समाज के बुजुर्ग एवं जानकार कलसिंह बाबा के अनुसार देव जागरण के साथ चातुर्मास की समाप्ति की मान्यता जुड़ी है। इसके बाद परिवार बच्चों के लिए जीवनसाथी तलाशने, विवाह संबंध तय करने और सगाई सहित मांगलिक आयोजनों की तैयारियां शुरू करते हैं। विवाह और सगाई की तारीखें भी निर्धारित की जाने लगती हैं। इस तरह देव जागरण धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव भी है।