
हिंदू पौराणिक ग्रंथों के अनुसार पितृपक्ष यानी श्राद्ध को बहुत महत्वपूर्ण माना गया है। यह वह समय है जब पूर्वजों का ऋण उतारा जाता है। श्रद्धालु तरह-तरह की विधियों द्वारा एक से 17 दिनों का कर्मकांड करते हैं।
मान्यता है कि पितृपक्ष में पूर्वजों को दिए गए पिंडदान सीधे उन्हीं तक पहुंचता है। जिससे उनकी आत्मा को तृप्ति मिलती है। इस वर्ष श्राद्ध पक्ष 28 सितंबर से 12 अक्टूबर तक हैं।
पितृ पक्ष को लेकर पौराणिक ग्रंथों में गयासुर की कथा का उल्लेख मिलता है। गयासुर एक दानव था, जिसे ब्रह्मजी ने वरदान दिया था कि उसकी मृत्यु संसार में जन्म लेने वाले किसी भी व्यक्ति से नहीं होगी।
पढ़ें:जानिए अनंत चतुर्दशी की अनंत महिमा
इसके बाद गयासुर का आतंक बड़ता गया। उसने तीनों लोकों पर अपना साम्राज्य स्थापित कर लिया। उसके आतंक से देव और मानव दोनों ही परेशान थे। एक दिन की बात है गयासुर द्वारका वन से होता हुआ कहीं जा रहा था। वहां एक तपस्वी तपस्या कर रहे थे। उसने अपनी प्यास बुझाने के लिए उनसे रक्त मांगा।
लेकिन तपस्वी ने रक्त न देते हुए मुक्ति का ज्ञान दिया और कहा, गयासुर तुम्हें बद्रीनाथ जी के दर्शन के लिए जाना चाहिए। गयासुर, बद्रीनाथ गया लेकिन वहां भगवान विष्णु को न पाकर उनका कमलासन लेकर उड़ गया।
पढ़ें:अनंत चतुर्दशी के दिन भुजा में इसीलिए बांधा जाता है अनंत
भगवान विष्णु ने गयासुर के केश पकड़े और उसे रोका। प्रभु हरि उसे गया( बिहार का एक प्राचीन शहर) ले गए। और कमलासन वापिस लिया। दोनों में युद्ध हुआ लेकिन गयासुर ने युद्ध के दौरान कमलासन को हानि पहुंचाई। जिससे उसका एक टुकड़ा टूट गया। यही जगह आज बद्रीनाथ के पास ब्रह्मकपाल नाम से मशहूर है, जहां पितृपक्ष के दौरान लोग पूर्वजों को पिंडदान करते हैं।
नारायण के दूसरे वार पर कमलासन का टुकड़ा उस जगह गिरा जहां आज हरिद्वार है। हरिद्वार में ये जगह नारायणी शिला के नाम से मशहूर है। यही वजह है कि पितृ पक्ष में हरिद्वार में भी भारी संख्या में लोग जुटते हैं और अपने पुरखों के लिए पिंडदान करते हैं।