
धर्म डेस्क। किसी के काम बिगड़ रहे हों, नौकरी में परेशानी आ रही हो या रिश्तों में तनाव चल रहा हो, तो अक्सर एक बात सुनने को मिलती है- कहीं शनि की साढ़ेसाती तो नहीं चल रही? ज्योतिष में शनि का नाम आते ही कई लोगों के मन में डर बैठ जाता है। मान्यता है कि साढ़ेसाती के दौरान जीवन में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। लेकिन क्या शनि की साढ़ेसाती का मतलब सिर्फ परेशानियां ही है या इसके पीछे ज्योतिष में कोई अलग अर्थ भी बताया गया है?
दरअसल, वैदिक ज्योतिष में शनि को कर्म, अनुशासन, मेहनत और न्याय का कारक माना जाता है। इसी वजह से उन्हें कर्मफल दाता भी कहा जाता है। साढ़ेसाती को लेकर डर का बड़ा कारण यही धारणा है कि इस दौरान व्यक्ति को अपने कर्मों का फल मिलता है।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, जब शनि ग्रह जन्म के समय चंद्रमा जिस राशि में होता है, उससे एक राशि पहले, उसी राशि में और एक राशि बाद में गोचर करता है, तब साढ़ेसाती मानी जाती है।
शनि को एक राशि से दूसरी राशि में जाने में करीब ढाई साल लगते हैं। इस तरह तीन राशियों से गुजरने की अवधि लगभग साढ़े सात साल होती है। इसी वजह से इसे साढ़ेसाती कहा जाता है।
ज्योतिष में चंद्रमा को मन और भावनाओं से जोड़कर देखा जाता है। इसलिए इस अवधि को मानसिक दबाव, जिम्मेदारियों और जीवन में बदलाव से जोड़ने वाली मान्यताएं प्रचलित हैं।
साढ़ेसाती को लेकर समाज में कई धारणाएं हैं। कुछ लोग मानते हैं कि इस दौरान नौकरी छूट सकती है, आर्थिक नुकसान हो सकता है या रिश्तों में तनाव बढ़ सकता है। हालांकि, ये सभी परिणाम हर व्यक्ति के साथ होंगे, ऐसा कोई निश्चित नियम नहीं है।
ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, साढ़ेसाती का असर व्यक्ति की जन्मकुंडली में शनि की स्थिति, चंद्र राशि और अन्य ग्रहों के योग पर निर्भर करता है। इसलिए सिर्फ साढ़ेसाती का नाम सुनकर किसी के जीवन में बुरा समय आने की भविष्यवाणी करना सही नहीं है।
ज्योतिष में शनि को मेहनत, धैर्य और अनुशासन का प्रतीक भी माना जाता है। कई ज्योतिषियों के अनुसार, साढ़ेसाती का समय व्यक्ति को जिम्मेदारियां समझने, गलतियों से सीखने और अपने काम के प्रति गंभीर होने की सीख दे सकता है। कुछ लोगों के लिए इस दौरान करियर में स्थिरता और सफलता की मान्यता भी जुड़ी है।
हालांकि, ग्रहों की चाल से जीवन की घटनाएं निश्चित रूप से तय होती हैं, इसका वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इसलिए साढ़ेसाती को लेकर डरने के बजाय इसे ज्योतिष की एक मान्यता के रूप में समझना चाहिए। जीवन की परेशानियों का हल मेहनत, सही फैसलों और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सलाह में तलाशना ज्यादा जरूरी है।
यह भी पढ़ें- इन 3 राशि वालों को रहना होगा सावधान! आज रात चंद्रमा पर शनि की बुरी नजर…बचने के उपाय भी जानें