धन की तरह छिपाकर रखें, हैंडल पर बांधें सफेद धागा! जानिए धनतेरस-दीवाली पर नई झाड़ू लाने का धार्मिक रहस्य
हिंदू धर्म में झाड़ू को दरिद्रता दूर करने और सकारात्मक ऊर्जा लाने का साधन मानते हुए मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है, जिसके चलते धनतेरस और दीवाली पर नई झाड़ू खरीदने की समृद्ध परंपरा है। वास्तु मान्यताओं के अनुसार, प्लास्टिक के बजाय प्राकृतिक झाड़ू विषम संख्या में खरीदनी चाहिए।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 01:54:55 PM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 01:54:55 PM (IST)
दीवाली और धनतेरस पर झाड़ू को माना जाता है मां लक्ष्मी का प्रतीकHighLights
- दीवाली और धनतेरस पर झाड़ू को माना जाता है मां लक्ष्मी का प्रतीक
- कभी खड़ी न रखें, हमेशा जमीन पर लिटाकर और छिपाकर रखें झाड़ू
- पुरानी झाड़ू को गुरुवार, शुक्रवार या एकादशी पर न फेंकें; शनिवार सही दिन
धर्म डेस्क। दीवाली के त्योहार पर मां लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए कई तरह के उपाय और पूजा-पाठ किए जाते हैं। हिंदू धर्म में झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है, क्योंकि यह घर से दरिद्रता और गंदगी को बाहर निकालती है। यही वजह है कि धनतेरस और दीवाली के मौके पर नई झाड़ू खरीदने की एक खास और पुरानी परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सही तरीके से झाड़ू खरीदने और उसे घर में रखने से सुख-समृद्धि और धन का वास होता है।
झाड़ू खरीदने से जुड़ी मान्यताएं
- शुभ दिन और प्रकार: धनतेरस या दीवाली के दिन सीकों वाली या फूल झाड़ू (प्राकृतिक झाड़ू) खरीदना सबसे शुभ माना जाता है। प्लास्टिक की झाड़ू खरीदने से बचना चाहिए।
- विषम संख्या में खरीदारी: वास्तु शास्त्र के अनुसार, झाड़ू हमेशा विषम संख्या (Odd numbers) में खरीदनी चाहिए, जैसे- 1, 3 या 5 झाड़ू एक साथ खरीदना शुभ होता है।
- नई झाड़ू से शुरुआत: दीवाली की रात या अलगे दिन सुबह घर की सफाई नई झाड़ू से ही करनी चाहिए। मान्यता है कि इससे घर की सारी नकारात्मक ऊर्जा बाहर निकल जाती है।
घर में झाड़ू रखने के नियम
- छिपाकर रखें: झाड़ू को घर में हमेशा ऐसी जगह रखना चाहिए जहां बाहर से आने वाले मेहमानों या किसी भी बाहरी व्यक्ति की सीधी नजर उस पर न पड़े। इसे धन की तरह ही छिपाकर रखना चाहिए।
- लिटाकर रखें: झाड़ू को कभी भी दीवार के सहारे खड़ा करके नहीं रखना चाहिए। खड़ा झाड़ू अपशकुन माना जाता है। इसे हमेशा जमीन पर लिटाकर ही रखें।
- सही दिशा: वास्तु के अनुसार, झाड़ू को रखने के लिए घर की उत्तर-पश्चिम (North-West) या पश्चिम दिशा सबसे सही मानी जाती है।
- इन जगहों पर न रखें: बेडरूम, डाइनिंग हॉल, तिजोरी के पास या पूजा घर में झाड़ू रखना अशुभ माना जाता है। इसके अलावा झाड़ू को कभी भी पैर नहीं लगाना चाहिए, इसे मां लक्ष्मी का अपमान माना जाता है।
पुरानी झाड़ू का क्या करें?
दीवाली पर नई झाड़ू लाने के बाद पुरानी झाड़ू को घर में नहीं रखना चाहिए, क्योंकि इसे दरिद्रता का प्रतीक मान लिया जाता है। हालांकि, पुरानी झाड़ू को फेंकते समय भी दिन का ध्यान रखना जरूरी है। इसे एकादशी, गुरुवार या शुक्रवार के दिन घर से बाहर नहीं फेंकना चाहिए। पुरानी झाड़ू को शनिवार के दिन या होलिका दहन/अमावस्या के दिन घर से बाहर निकालना या विसर्जित करना सबसे उपयुक्त माना गया है। इस्तेमाल से पहले नई झाड़ू के हैंडल पर सफेद धागा बांधने की भी मान्यता है, जिससे देवी लक्ष्मी स्थिर रहती हैं।