पत्तों के रंग, खुशबू और मान्यताओं में है फर्क, लेकिन दोनों हैं पवित्र; जानिए घर के लिए कौन सी तुलसी चुनें
रामा तुलसी के पत्ते हरे और खुशबू हल्की होती है, जबकि श्यामा या कृष्ण तुलसी में बैंगनी छटा और तीखी सुगंध होती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार दोनों पवित्र हैं और घर में कोई भी लगाई जा सकती है।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 06:11:39 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 06:11:39 PM (IST)
HighLights
- रामा और श्यामा तुलसी में अंतर
- दोनों किस्में मानी जाती हैं पवित्र
- घर में कोई भी लगाएं
धर्म डेस्क। सनातन धर्म में तुलसी के पौधे को बेहद पवित्र और पूजनीय माना जाता है। तुलसी की कई किस्में होती हैं, लेकिन रामा और श्यामा तुलसी सबसे ज्यादा प्रचलित हैं। दोनों के पत्तों का रंग, खुशबू और धार्मिक मान्यताएं अलग-अलग हैं। इसलिए कई लोगों के मन में सवाल रहता है कि घर में रामा तुलसी लगानी चाहिए या श्यामा तुलसी। आइए जानते हैं दोनों में क्या फर्क है और घर के लिए कौन सी तुलसी लगाना शुभ होता है।
रामा और श्यामा तुलसी में क्या है अंतर?
रामा तुलसी की पहचान
रामा तुलसी को श्री तुलसी और गौरी तुलसी के नाम से भी जाना जाता है।
- इसकी पत्तियां हरे रंग की होती हैं और तना भी आमतौर पर हरा दिखाई देता है।
- इसकी खुशबू हल्की होती है।
- इसका स्वाद श्यामा तुलसी के मुकाबले कम तीखा माना जाता है।
- रामा तुलसी का इस्तेमाल रोजाना की पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों में किया जाता है।
श्यामा तुलसी कैसी होती है?
श्यामा तुलसी को कृष्ण तुलसी भी कहा जाता है।
- इसकी पत्तियों पर गहरे हरे, बैंगनी या लाल रंग की छटा दिख सकती है।
- इसका तना भी बैंगनी रंग का हो सकता है।
- इसकी पत्तियों में रामा तुलसी के मुकाबले ज्यादा तीखी सुगंध और स्वाद होता है।
- श्रीकृष्ण के सांवले स्वरूप से जुड़ाव की वजह से इसे कृष्ण तुलसी कहा जाता है।
- धार्मिक मान्यता है कि इस तुलसी का इस्तेमाल श्रीकृष्ण की पूजा में भी किया जाता है।
धार्मिक महत्व
रामा और श्यामा, दोनों तुलसी को पवित्र माना गया है। भगवान विष्णु की पूजा-पाठ में तुलसी दल चढ़ाना शुभ माना जाता है। दोनों किस्मों की अपनी अलग पहचान है, लेकिन धार्मिक नजरिए से किसी एक को दूसरे से कम अहम मानने का कोई नियम नहीं है।
घर में कौन सी तुलसी लगानी चाहिए?
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में रामा या श्यामा, दोनों में से कोई भी तुलसी लगाई जा सकती है। ऐसा कोई जरूरी नियम नहीं है।
- अगर घर में पर्याप्त जगह है, तो दोनों पौधे लगा सकते हैं।
- अगर जगह कम है, तो अपनी पसंद के अनुसार किसी एक को चुन सकते हैं।