
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। लोक आस्था, प्रकृति उपासना और सूर्य आराधना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ श्रद्धा और उल्लास से शुरू हो गया। सुबह से ही घरों में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई कर पवित्रता के साथ स्नान किया और भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया का स्मरण करते हुए चार दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प लिया। इस दौरान घरों में छठी मैया के गीत गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
छठ पर्व में शुद्धता और नियमों का विशेष महत्व है। नहाय-खाय के दिन व्रती स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद कद्दू (लौकी) की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का भात तैयार किया जाता है। भोजन में सेंधा नमक और शुद्ध घी का उपयोग किया जाता है। परंपरानुसार इसे पीतल या मिट्टी के बर्तनों में पूरी शुद्धता के साथ बनाया जाता है। पहले व्रती भोजन ग्रहण करते हैं, इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं।
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को लोहंडा और खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के प्रसाद का विशेष धार्मिक महत्व है। इसके साथ ही लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी।
इसके बाद तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। चौथे दिन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। छठ पूजा में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और जीवन में संतुलन का संदेश देती है।
छठ पूजा के तीसरे दिन 15 नवंबर रविवार को इस दिन नदी, तालाब या घाट पर जाकर डूबते हुए सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है।बांस के सूप में ठेकुआ, फल और दूसरे पारंपरिक प्रसाद सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है चौथे दिन।उषा अर्घ्य और पारण (16 नवंबर सोमवार को भोर में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया जायेगा।छठ पूजा में पवित्र सरोबर में खड़े होकर अर्घ्य दिया जाता है। नगर में व्रतधारियों को अर्घ्य देने के लिए कुंड तैयार किये जा रहे हैं।शताब्तीपुरम में दंदरौआ धाम में स्थित सरोबर की साफ- सफाई की गई है। यहां सामूहिक छठ पूजा का आयोजन किया जायेगा।इसके साथ ही डीडी नगर स्थित अस्थाई सरोबर को ूभी तैयार किया जा रहा है।नगर निगम में छठ पूजा को अर्घ्य देने के लिए कटोराताल के छोटे कुंड को तैयार किया जा रहा है। कुंड सफाई कराकर स्वच्छ जल भरा जा रहा है। इसी तरह बिरला नगर में बड़ी संख्या में मैथिली व पूर्वांचल के लोग निवास करते हैं।यहां भी अस्थाई कुंड तैयार किये जा रहे हैं।