
रामकृष्ण मुले, इंदौर। शहर के पश्चिम क्षेत्र के कैट रोड पर प्रदेश का एकमात्र सूर्य मंदिर है, जहां ग्रहों के अनुरूप उनके देवताओं का भी पूजन होता है। वास्तु और ज्योतिष के सिद्धांत पर बने मंदिर में भगवान सूर्यदेव सात नामों वाले सप्ताह के सात दिन के प्रतीक सात घोड़ों के रथ पर सवार हैं।
इस रथ को शास्त्रों में बताए अनुसार पैर विहीन अरुणदेव खींच रहे हैं। 13 फीट उंची सूर्यदेव की संगमरमर की मनोहारी मूर्ति भक्तों के बीच आस्था का केंद्र है। सूर्य आराधना के छठ पर्व पर पूजा-अर्चना के लिए 15 हजार से अधिक भक्तों का मेला लगेगा।
यहां दो कुंड में खड़े रहकर श्रद्धालु रविवार को अस्त होते और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे।प्रधान पुजारी रविकांत त्रिपाठी के अनुसार एक एकड़ में फैले प्रत्यक्ष देव भगवान सूर्य के उपासकों के बीच सूर्य मंदिर नवग्रह तीर्थ आस्था का केंद्र है। मूर्ति को उड़ीसा के कलाकारों ने आकार दिया था।
ऋग्वेद में किए गए उल्लेख के अनुसार सारथी के रूप में पैर विहीन अरुणदेव रथ को खींचते दिखाई देते हैं। गर्भगृह का निर्माण कुछ यूं किया गया है कि सूर्योदय और अभिजित मुहूर्त में शिखर से सूर्यदेव की मूर्ति पर सूर्य की किरणें पड़ती हैं।
संस्थापक हशमत राय ने बताया कि मंदिर का निर्माण वास्तु और ज्योतिष के सिद्धांतों को ध्यान में रखकर किया गया है। हर ग्रह के मंदिर के साथ उन्हें शक्तिशाली बनाने वाले देवताओं के मंदिर भी बनाए गए हैं। यहां उनके पेड़ भी हैं। गुरु के साथ साईंबाबा, दत्तात्रेय, शुक्र के साथ देवी लक्ष्मी, राहु के साथ मां सरस्वती, केतु के साथ भगवान गणेश, शनिदेव के साथ कालभैरव, सूर्यदेव के साथ राम दरबार, मंगल के साथ हनुमानजी और बुध के साथ दुर्गा माता और कुबेर भगवान हैं।
अर्घ्य देने के लिए मंदिर के बाहर नाव के आकार का कमलकुंड है। इसमें कच्छप देव के दर्शन होते हैं। कुंड में सप्त नदियों के जल को मिलाया गया है। मंदिर का मुख्य द्वार 61 फीट ऊंचा है। इसके दोनों तरफ शुभ अष्ट चिन्ह है। इन चिन्हों के अतिरिक्त छत पर शुभ, सूर्य और लक्ष्मी यंत्र बने हुए हैं। मंदिर में मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा 28 नवंबर 2004 को वृश्चिक लग्न एवं वृश्चिक के सूर्य एवं मीन के नवमांश में की गई थी।
ज्योतिर्विद् विनायक शर्मा के अनुसार शास्त्रों में उल्लेख है कि भगवान सूर्य के रथ को सात घोड़े खींचते हैं। इनका नाम गायत्री, बृहती, उष्णिक, जगति, त्रिष्टुप, अनुष्टुप और पंक्ति हैं। ये सात घोड़े सप्ताह के साथ दिनों के प्रतीक हैं। संवत्सर इसके पहिए हैं। इसमें छह ऋतुओं और बारह महीनों को दर्शाया गया है।
यहां आने का सबसे सही वक्त सूर्योदय के कुछ देर बाद से करीब 11 बजे तक का है। ऐसा इसलिए क्योंकि यह वह वक्त है जब सूर्य की किरणें मंदिर में स्थापित सूर्यदेव की प्रतिमा पर सीधी पड़ती हैं। खास बात तो यह है कि सर्दी में जब सूर्य की किरणें कोहरे के कारण मद्धम हो जाती हैं, तब सूर्यदेव की मूर्ति पर पड़ने वाला प्रकाश यज्ञोपवीत की तरह नजर आता है।