एजेंसी, जम्मू Amarnath Yatra 2025। वार्षिक अमरनाथ यात्रा का आगाज बुधवार से हो गया। जम्मू के भगवती नगर स्थित यात्री निवास से तड़के चार बजे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को झंडी दिखाकर रवाना किया। इन लोगों को कल यानी गुरुवार को बाबा बर्फानी के दर्शन होंगे।
जय बाबा बर्फानी और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्री अमरनाथ यात्रा का यह पहला जत्था कड़े सुरक्षा घेरे में जम्मू से पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ। किसी भी वाहन को जत्थे के बिना यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं है और इस दौरान जम्मू-श्रीगनर हाईवे पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
वहीं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा लगातार एक्शन में हैं। उन्होंने एक दिन पहले एक उच्च स्तरीय बैठक में यात्रा के लिए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को यातायात एडवाइजरी समय-समय पर जारी करने के निर्देश भी दिए, ताकि आम आदमी को असुविधा न हो।
#WATCH | Jammu | J&K LG Manoj Sinha flags off the first batch of pilgrims for Shri Amarnath Yatra starting today pic.twitter.com/OAsRfkZQUC
— ANI (@ANI) July 1, 2025
उन्होंने सभी जिला उपायुक्त को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि ठहरने वाले स्थान और स्वच्छता इकाइयां अच्छी स्थिति में हों। वहीं मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने जम्मू में यात्री निवास का दौरा कर तीर्थयात्रा के सुचारू और सुरक्षित संचालन के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पंजीकरण काउंटरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने यात्रा संबंधी गतिविधियों की निगरानी के लिए स्थापित नियंत्रण कक्ष के कामकाज को भी देखा।