
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली के पांच दिवसीय पर्व का समापन बुधवार, 11 नवंबर को भाई दूज के त्योहार के साथ होगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर घरों में तैयारियां की गई हैं। इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगी। वहीं भाई बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और सुख का संकल्प लेंगे। कुछ परिवारों ने मंगलवार को भी भाई दूज का पर्व मनाया।
पंचांग के अनुसार द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर दो बजे शुरू हुई और 11 नवंबर को दोपहर तीन बजकर 53 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर भाई दूज बुधवार को मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन बहनों के घर जाकर भोजन करना और उनके हाथों से तिलक करवाना शुभ माना जाता है।
यम द्वितीया के अवसर पर बुधवार को नगर के चित्रगुप्त मंदिरों में कलम-दवात पूजन और भगवान चित्रगुप्त की आराधना की जाएगी। इस दौरान हवन और धार्मिक अनुष्ठान भी होंगे। दौलतगंज स्थित चित्रगुप्तधाम एवं कायस्थ छात्रावास में शाम पांच बजे पूजन होगा। इसमें जीडीए के पूर्व अध्यक्ष अभय चौधरी शामिल होंगे। वहीं कायस्थ महापंचायत ग्रेटर ग्वालियर की ओर से आदित्यपुरम स्थित मंदिर में शाम पांच बजे पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
भाई दूज पर 11 नवंबर को सेंट्रल जेल में भी पर्व मनाया जाएगा। बहनें जेल पहुंचकर अपने बंदी भाइयों से मुलाकात करेंगी और उनका तिलक कर सकेंगी। जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ मुलाकात के इंतजाम किए हैं। बहनों को सुबह सात बजे से प्रवेश दिया जाएगा। बाहर से मिठाई या अन्य कोई सामान जेल के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बहनों के लिए मिठाई के पैकेट जेल कैंटीन से उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनकी बिक्री जेल के सामने बने काउंटर पर की जाएगी। यह व्यवस्था शाम तक जारी रहेगी।