• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • धर्म
  • व्रत-त्योहार

जल, जंगल और जमीन के भगवान बिरसा मुंडा : एक और युगंधर, 151वीं जयंती पर विशेष

जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और स्वाधीनता के लिए 25 वर्ष की आयु में इतिहास रचने वाले धरती आबा की 151वीं जयंती पर विशेष आलेख यहां पढ़ें।

By Surendra DubeyEdited By: Navodit Saktawat
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 01:06:27 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 01:13:52 PM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
जल, जंगल और जमीन के भगवान बिरसा मुंडा : एक और युगंधर, 151वीं जयंती पर विशेष
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा।

HighLights

  1. उनकी 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को देश जनजातीय गौरव दिवस मनाएगा।
  2. मौजूदा समाज में यह अवसर एक महान क्रांतिकारी को स्मरण करने का है।
  3. प्रकृति, संस्कृति, स्वाधीनता और सामाजिक चेतना एक-दूसरे के पूरक हैं।

सुरेन्द्र दुबे। कुछ व्यक्तित्व इतिहास के पन्नों में दर्ज होकर समय के साथ धुंधले नहीं पड़ते, बल्कि स्वयं इतिहास की दिशा बदल देते हैं। वे आयु से नहीं, अपने विचारों की व्यापकता और कर्मों की ऊंचाई से पहचाने जाते हैं। भगवान बिरसा मुंडा ऐसे ही युगांधर थे, जिन्होंने मात्र 25 वर्ष के जीवन में जल, जंगल और जमीन की लड़ाई को जनजातीय अस्मिता, सांस्कृतिक स्वाभिमान और देश की आजादी के व्यापक संघर्ष से जोड़ दिया।

उनके एक आह्वान ''''उलगुलान'''' में केवल विद्रोह की गूंज नहीं थी, बल्कि अपनी धरती, अपने समाज और अपने अस्तित्व की रक्षा का संकल्प समाहित था। 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातु गांव में जन्मे बिरसा मुंडा को जनजातीय समाज धरती आबा अर्थात धरती पिता के रूप में पूजता है।


उनकी 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को देश जनजातीय गौरव दिवस मनाएगा। यह अवसर केवल एक महान क्रांतिकारी को स्मरण करने का नहीं, बल्कि उस विचारधारा को समझने का भी है, जिसमें प्रकृति, संस्कृति, स्वाधीनता और सामाजिक चेतना एक-दूसरे के पूरक हैं। युगंधर का अर्थ है ऐसा व्यक्तित्व जो अपने समय की सीमाओं को लांघकर आने वाले युगों को दिशा दे। बिरसा मुंडा ने यही किया।

उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध हथियार उठाए, लेकिन उनकी लड़ाई का आधार केवल राजनीतिक सत्ता परिवर्तन नहीं था। वे उस व्यवस्था को चुनौती दे रहे थे, जिसने आदिवासियों की पारंपरिक सामुदायिक भूमि व्यवस्था, जीवनशैली और प्राकृतिक संसाधनों पर उनके अधिकारों को छीनना शुरू कर दिया था।

उनका उद्घोष था- ''''अबुआ दिशुम, अबुआ राज'''', अर्थात हमारा देश, हमारा राज। इस छोटे से वाक्य में स्वशासन, स्वाभिमान और स्वतंत्रता का विराट दर्शन छिपा था। लोकमान्य तिलक के स्वराज्य के उद्घोष से लेकर स्वतंत्रता संग्राम के दूसरे महानायकों के संकल्पों तक, भारतीय चेतना में ऐसे ही विचारों की अनुगूंज सुनाई देती है। बिरसा के व्यक्तित्व का दूसरा पक्ष उनकी आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना थी।

उन्होंने समाज को नशे, अंधविश्वास, चोरी और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। स्वच्छता, नैतिकता, अनुशासन और सामुदायिक एकता पर बल दिया। रामायण और महाभारत जैसे भारतीय ग्रंथों से परिचय तथा स्थानीय धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के बीच विकसित उनकी चेतना ने ''''बिरसाइत'''' आंदोलन को जन्म दिया। यह केवल धार्मिक जागरण नहीं था, बल्कि अपनी सांस्कृतिक पहचान और आत्मसम्मान को बचाने का प्रयास भी था।

इतिहासकार डा. आनंद सिंह राणा के अनुसार बिरसा के संघर्ष की पृष्ठभूमि में अंग्रेजों की भू-राजस्व व्यवस्था, जमींदारों और साहूकारों का शोषण, बेगार तथा वन संबंधी प्रतिबंध थे। मुंडाओं की पारंपरिक खुंटकट्टी व्यवस्था सामुदायिक भूमि अधिकारों पर आधारित थी। औपनिवेशिक नीतियों ने इस व्यवस्था को कमजोर किया।

जिन लोगों की पीढ़ियां जंगल और जमीन के साथ जीती आई थीं, वे अपनी ही धरती पर अधिकारविहीन होने लगे। बिरसा ने इसी पीड़ा को आंदोलन की आवाज बनाया। 1890 के दशक में उनका नेतृत्व जनजातीय समाज में तेजी से लोकप्रिय हुआ। 1899-1900 का उलगुलान अंग्रेजी शासन के विरुद्ध व्यापक जनविद्रोह के रूप में सामने आया। पारंपरिक हथियारों से लैस जनजातीय योद्धाओं ने औपनिवेशिक सत्ता को चुनौती दी।

खूंटी और आसपास के क्षेत्रों में संघर्ष तेज हुआ। डोम्बारी बुरू की पहाड़ी पर अंग्रेजी सेना की कार्रवाई में बड़ी संख्या में आदिवासी मारे गए। यह बलिदान जनजातीय प्रतिरोध के इतिहास का अमिट अध्याय बन गया।अंग्रेजी शासन ने बिरसा को पकड़ने के लिए इनाम घोषित किया। तीन फरवरी 1900 को उनकी गिरफ्तारी हुई। रांची जेल में नौ जून 1900 को मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।

उनकी मृत्यु को लेकर जहर दिए जाने की बात लोकप्रिय जनश्रुति में मिलती है, हालांकि आधिकारिक अभिलेखों में बीमारी से मृत्यु दर्ज है। लेकिन एक बात निर्विवाद है कि उनका विचार और संघर्ष उनकी मृत्यु के साथ समाप्त नहीं हुआ। करीब एक सदी बाद भी बिरसा का नाम जनजातीय अधिकारों की चर्चा में उतनी ही शक्ति से लिया जाता है। उनके आंदोलन की ऐतिहासिक परिणति में छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम, 1908 का विशेष महत्व है, जिसने जनजातीय भूमि हस्तांतरण पर कानूनी प्रतिबंधों को मजबूती दी।

इस दृष्टि से बिरसा केवल विद्रोह के नायक नहीं, बल्कि अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाली चेतना के प्रतीक भी हैं। जबलपुर का भी भगवान बिरसा मुंडा से एक भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव है। आधारताल में स्थापित उनकी प्रतिमा जनजातीय शौर्य, स्वाभिमान और संघर्ष की स्मृति को जीवंत करती है।

प्रतिमा के सामने से गुजरते हुए यह अनुभव होता है कि इतिहास केवल पुस्तकों में नहीं रहता, वह हमारे नगर के चौराहों और सार्वजनिक स्मृतियों में भी सांस लेता है। इस बार उनकी जयंती के अवसर पर 14 नवंबर को जबलपुर में राज्यस्तरीय आयोजन प्रस्तावित है।

इसके बाद 15 नवंबर को धार में तथा 16 नवंबर को खंडवा में कार्यक्रम होंगे। बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय वर्ष 2021 में लिया गया था। यह पहल जनजातीय समाज के उन अनगिनत नायकों को राष्ट्रीय स्मृति में सम्मानजनक स्थान देने का अवसर भी बनी, जिनका योगदान लंबे समय तक इतिहास के मुख्य विमर्श में अपेक्षित स्थान नहीं पा सका।

आज जब विकास, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार को लेकर दुनिया नई बहसों से गुजर रही है, तब बिरसा का जीवन हमें एक महत्वपूर्ण संदेश देता है। प्रकृति केवल उपभोग की वस्तु नहीं, जीवन का आधार है। जल, जंगल और जमीन के साथ मनुष्य का रिश्ता केवल आर्थिक नहीं, सांस्कृतिक और भावनात्मक भी है। जनजातीय समाज की परंपराओं में छिपा यह जीवन दर्शन आधुनिक सभ्यता के लिए भी प्रासंगिक है।

बिरसा को भगवान मानना श्रद्धा है, लेकिन उनके विचारों को जीवन में उतारना सच्ची श्रद्धांजलि। सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक स्वाभिमान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का साहस ही उनके व्यक्तित्व की वास्तविक विरासत है।

25 वर्ष की छोटी-सी आयु में उन्होंने ऐसा इतिहास रचा, जिसे सदियां भी विस्मृत नहीं कर सकतीं। उनका जीवन बताता है कि किसी व्यक्ति की महानता उसकी आयु से नहीं, उसके संकल्प और समाज के लिए किए गए समर्पण से तय होती है। धरती आबा बिरसा मुंडा का उलगुलान आज भी हमें पुकार रहा है।

यह पुकार किसी संघर्ष को समाप्त करने की नहीं, बल्कि अन्याय, शोषण, भेदभाव और सामाजिक विघटन के विरुद्ध जागृत रहने की है। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम ऐसा भारत बनाएं, जहां प्रकृति सुरक्षित हो, समाज समरस हो, हर समुदाय को सम्मान और अधिकार मिले तथा राष्ट्र की एकता सर्वोपरि रहे। उलगुलान केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, आत्मसम्मान के साथ जीने का शाश्वत उद्घोष है।

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।