
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लोक आस्था, प्रकृति उपासना और सामाजिक समरसता के महापर्व छठ पर रविवार को शहर में श्रद्धा और भक्ति का संगम देखने को मिलेगा। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन शाम को हजारों व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे।
शहर में 150 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के सामूहिक आयोजन होंगे। व्रती परिवार सहित छठ घाटों पर पहुंचकर कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करेंगे।
बांस के सूप और दउरा में सजे फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य पारंपरिक प्रसाद से सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाएगा। छठ गीतों और भक्ति संगीत से स्थाई-अस्थाई घाटों पर भक्तिमय माहौल रहेगा। महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की पूजा पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न हुई।
दिनभर उपवास रखने के बाद व्रतियों ने सूर्यास्त के पश्चात शुद्धता और पवित्रता के साथ प्रसाद तैयार किया। इसमें गन्ने के रस अथवा दूध में बनी चावल की खीर, घी लगी रोटी और चावल का पिठ्ठा प्रमुख रूप से शामिल रहा।
पूजा के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार तथा परिचितों में वितरित किया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया।
पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह ने बताया कि रविवार को सामूहिक अर्घ्य के आयोजन की व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रमुख आयोजन स्थलों में विजय नगर, तुलसी नगर, समर पार्क, निपानिया, देवास नाका, मांगलिया, स्कीम नंबर 78, सुखलिया आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त श्याम नगर एक्सटेंशन, शंखेश्वर सिटी, टिगरिया बादशाह, सूर्य मंदिर कैट रोड, सिलिकान सिटी, कालानी नगर, पिपलियाहाना तालाब और सिरपुर तालाब सहित अनेक क्षेत्रों में सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
16 नवंबर को तड़के व्रती फिर छठ घाटों पर पहुंचेंगे। सूर्योदय के समय उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद छठी मैया की पूजा और पारण के साथ निर्जला उपवास समाप्त होगा। इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन हो जाएगा।संस्थान के महासचिव के.के. झा ने बताया कि इंदौर में सार्वजनिक आयोजन की यात्रा लगभग तीन दशक पुरानी हैं। 1990 के दशक में स्कीम नंबर 54, विजय नगर के एक कच्चे घाट पर लगभग 10 परिवारों ने मिलकर इसकी शुरुआत की थी।