
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोजपुरी समाज की लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ हो चुकी है। व्रतियों ने स्नान करने के बाद लौकी की सब्जी और चावल दाल ग्रहण कर नहाय खाय से पूजा आरंभ की।
इसके साथ ही राजधानी के प्रमुख जलाशयों और घाटों पर पर्व की रौनक बढ़ गई है। कमला पार्क स्थित शीतल दास की बगिया और खटला पुरा घाट पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
भोजपुरी एकता मंच समिति के अध्यक्ष कुंवर प्रसाद सिंह ने बताया कि नहाय-खाय के बाद 14 नवंबर को ''खरना'' का अनुष्ठान होगा, जिसमें व्रती दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे।
इसके पश्चात 15 नवंबर को डाला छठ के दिन अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को प्रथम अर्घ्य दिया जाएगा और 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य व पारण के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा कमला पार्क स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में ठेकुआ महाप्रसाद के गेहूं की निश्शुल्क पिसाई की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। शुक्रवार दोपहर से प्रारंभ हुई यह विशेष चक्की शनिवार, 14 नवंबर तक निरंतर संचालित रहेगी, ताकि शुद्धता के साथ महाप्रसाद तैयार किया जा सके।
इस वर्ष शीतल दास की बगिया घाट को आकर्षक रोशनी और फूलों से भव्य रूप दिया जा रहा है। महोत्सव के दौरान 15 नवंबर को तालाब में 51 किलो गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा, नौका विहार, 2100 दीपों का दीपदान और भव्य आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अतिरिक्त भोजपुरी साहित्य अकादमी (संस्कृति परिषद) के सहयोग से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बिहार के ख्यात लोकगायक हंसनाथ मिश्रा (मिट्ठू मिश्रा) और वाराणसी के गायक सक्षम शर्मा अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान भी किया जाएगा।