
धर्म डेस्क। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान व्रती महिलाएं संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करेंगी। पर्व के दौरान कठिन नियमों का पालन करते हुए लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा जाएगा।
इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होगी और समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ होगा।छह पर्व मुख्य रूप से पूर्वांचल में दीपावली की तरह मनाया जाता है।
देश-विदेश में बसे बिहारी छठ पर्व मनाने के लिए घर आ जाते हैं, जो लोग नही आ पाते हैं, वे सामूहिक रूप से छठ पूजा का आयोजन उत्साह व उमंग के साथ करते हैं। नगर में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजारों में फल-सब्जियों व पूजन सामग्री की खरीदारी की जा रही है।
ज्योतिषाचार्य सुनील चोपड़ा ने बताया कि छठ पूजा कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होकर सप्तमी तिथि तक चलती है। इस महापर्व में भगवान सूर्य को प्रत्यक्ष देवता मानकर उनकी उपासना की जाती है।
धार्मिक मान्यता है कि सूर्यदेव आरोग्य, ऊर्जा और जीवन के आधार हैं, जबकि छठी मैया को संतान की रक्षा और सुख-समृद्धि प्रदान करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। यही कारण है कि इस पर्व में माताएं अपनी संतान की लंबी आयु और परिवार के कल्याण के लिए कठोर तप और नियमों का पालन करती हैं।
छठ महापर्व के पहले दिन 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय-खाय होगा। इस दिन व्रती पवित्र स्नान कर स्वच्छता और सात्विकता के साथ व्रत का संकल्प लेंगी। भोजन में कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल ग्रहण किए जाएंगे। इसे शुद्धता और संयम के साथ पर्व की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
दूसरे दिन 14 नवंबर शनिवार को लोहंडा और खरना होगा। व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य की पूजा करेंगी और गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ होगा। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग कर छठी मैया की आराधना करेंगी।
तीसरे दिन 15 नवंबर रविवार को मुख्य पर्व मनाया जाएगा। इस दिन व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगी। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाकर सूर्यदेव की पूजा की जाएगी।
चौथे दिन 16 नवंबर सोमवार को उषा अर्घ्य दिया जाएगा। भोर में व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर संतान और परिवार के मंगल की कामना करेंगी। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया जाएगा।
धार्मिक मान्यता है कि छठ पर्व में श्रद्धा और निष्ठा से पूजा करने पर छठी मैया की कृपा प्राप्त होती है। यह महापर्व प्रकृति, जल, सूर्य और जीवन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी संदेश देता है। लोक परंपरा में इसकी विशेषता यह है कि इसमें डूबते सूर्य के साथ उगते सूर्य की भी समान श्रद्धा से आराधना की जाती है