
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने शहर के प्रमुख घाटों और कुंडों की मरम्मत, रंगाई-पुताई कराकर उन्हें आकर्षक स्वरूप दिया है। नगर निगम सीमा में करीब 80 स्थानों पर छठ पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके लिए शीतलदास की बगिया, प्रेमपुरा, एकतापुरी, राजेंद्र नगर, न्यू सुभाष कालोनी, बिजली कालोनी, ओल्ड सुभाष नगर, संजीव नगर, गोकुलधाम कॉलोनी, बैरागढ़ झूलेलाल विसर्जन घाट, बैरागढ़कला, अमराई और सरयू सरोवर पार्क सहित अन्य घाटों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
अयोध्या नगर स्थित सरयू सरोवर पार्क में निगम ने नए घाट का निर्माण भी कराया है। घाटों के आसपास और पहुंच मार्गों को व्यवस्थित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, पेयजल, प्रकाश और चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। वहीं सुरक्षा के लिए गोताखोरों की तैनाती की गई है।
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर महापौर मालती राय ने गुरुवार को विधायक भगवानदास सबनानी और निगम अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया।
उन्होंने शीतलदास की बगिया, प्रेमपुरा, नेहरू नगर पुलिस लाइन, पांच नंबर स्थित उद्यान और खटलापुरा सहित अन्य घाटों पर व्यवस्थाएं देखीं।
महापौर ने घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत और चेंजिंग रूम की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूजा से पहले सभी घाटों पर सुरक्षा, बिजली, पेयजल और सफाई के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।