Christmas tree पूरी दुनिया में 25 दिसंबर को प्रभु यीशु के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। क्रिसमस फेस्टिवल इन दिनों भारत में भी उत्साह के साथ मनाया जाता है। दुनिया के सभी चर्च रंग-बिरंगी रोशनी के साथ सजाए जाते हैं साथ ही बच्चों के लिए सांत क्लाज का इंतजार देखने लायक रहता है। इन सबके बीच एक चीज जो सभी को आकर्षित करती है वो है क्रिसमस फेस्टिवल पर बनाया जाने वाला खूबसूरत क्रिसमस ट्री। 25 दिसंबर को इस खूबसूरत ट्री पर कई तरह के गिफ्ट लटकाए जाते हैं, जो देखने में काफी खूबसूरत लगते हैं। क्रिसमस ट्री को लेकर भी एक रोचक किस्सा है, आइए जानते हैं क्या है क्रिसमस ट्री का इतिहास व उससे जुड़ी रोचक जानकारी -
-क्रिसमस के पेड़ को एक सदाबहार पेड़ के रूप में जाना जाता है। रोम और मिस्र में किसी भी सदाबहार पेड़ को अपने घर में लगाना हमेशा शुभ माना जाता है। प्रभु यीशु के जन्म से पहले ही रोम में सदाबहार पेड़ को लोग महत्व देते रहे हैं, लेकिन प्रभु यीशु के बाद के सालों में इसे क्रिसमस ट्री के रूप में ज्यादा महत्व दिया जाने लगा।
- रोम साम्राज्य में पेड़ों का इस्तेमाल घर को सजाने के लिए किया जाता था। इसी परंपरा को याद करते हुए भी क्रिसमस फेस्टिवल पर क्रिसमस ट्री से लोग अपने घरों को सजाते हैं।
- 1500 ईस्वी में सबसे पहले क्रिसमस ट्री को सजाने की परंपरा जर्मनी में शुरु हुई थी, वहीं 16वीं सदी के ईसाई धर्म के सुधारक मार्टिन लूथर ने भी इसकी प्रबलता के साथ शुरुआत की थी। किस्सा कूछ यूं है कि मार्टिन लूथर 24 दिसंबर की शाम को एक बर्फीले जंगल से जा रहे थे, रास्ते में जब उन्हें एक सदाबहार के पेड़ दिखाई दिया, जिसकी शाखाएं चांद की रोशनी से चमक रही थी और मार्टिन लूथर इस पेड़ को देखकर अचंभित रह गए। उन्होंने घर आकर भी पोधा रोपित किया। साथ जब वह पेड़ बन गया तो उस पर छोटे-छोटे कैंडल से सजाया। इसके बाद हर वर्ष जीसस क्राइस्ट के जन्मदिन के सम्मान में भी सदाबहार के पेड़ को सजाया और इस पेड़ को कैंडल की रोशनी से प्रकाशित किया। धीरे-धीरे यह चलन में आ गया और सभी लोग ऐसा ही करने लगे।
- पहले क्रिसमस ट्री बेचने की परंपरा नहीं थी। लेकिन धीरे-धीरे लोगों ने घर में क्रिसमस ट्री लगाने के बजाय बाजार से बने बनाए क्रिसमस ट्री घर में लाना शुरू कर दिया। सबसे पहले अमेरिका में वर्ष 1851 में क्रिससम ट्री को बेचा गया था। अमेरिका में एक व्यापारी ने साल 1851 में क्रिसमस ट्री को बेचना शुरू किया था। एक रिपोर्ट्स के मुताबिक हर साल अमेरिका में 25 से 30 मिलियन असली क्रिसमस ट्री बेचे जाते हैं, जहां बहुत से क्रिसमस ट्री खेतों में तैयार किए जाते हैं।