व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, सोमवार की भोर में उगते सूर्य की उपासना से पूर्ण होगा छठ पर्व
सोमवार 16 नवंबर को महापर्व का अंतिम चरण होगा। सूर्योदय के समय व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद छठी मैया की पूजा, परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ व्रत का पारण होगा।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 06:29:14 PM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 06:43:28 PM (IST)
छठ पर्व 2026HighLights
- छठ पर्व पर आस्था से जगमगाएंगे नर्मदा के घाट।
- सोमवार 16 नवंबर को पर्व का अंतिम चरण होगा।
- सूर्योदय के समय व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संस्कारधानी में लोकआस्था, प्रकृति और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ अब अपने चरम की ओर बढ़ चला है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ आरंभ हुए अनुष्ठान में शनिवार को खरना की परंपरा श्रद्धा और पवित्रता के साथ संपन्न हुई।
दिनभर उपवास रखने के बाद व्रतियों ने संध्या में छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर, रोटी और पारंपरिक प्रसाद का भोग लगाया।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ हो गया। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया और सोमवार की भोर में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व का समापन होगा।
![naidunia_image]()
भोर की पहली किरण के साथ पूर्ण होगा व्रत
सोमवार 16 नवंबर को महापर्व का अंतिम चरण होगा। सूर्योदय के समय व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद छठी मैया की पूजा, परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ व्रत का पारण होगा। जबलपुर में सोमवार को सूर्योदय का समय लगभग सुबह छह बजकर 24 मिनट है।
![naidunia_image]()
नर्मदा तटों से तालाबों तक सजेगी आस्था की छटा
जबलपुर में छठ महापर्व का विस्तार अब किसी एक क्षेत्र या समाज तक सीमित नहीं है। गौरीघाट, तिलवाराघाट, भटौली घाट से लेकर अधारताल, हनुमानताल, रांझी और शहर के दूसरे तालाबों तक सूर्योपासना की तैयारियां हैं। उत्तर प्रदेश-बिहार महासंघ के अनुसार शहर में इस वर्ष 18 प्रमुख स्थानों पर सामूहिक रूप से छठ पूजा की व्यवस्था की गई है। इनमें गौरीघाट का उमाघाट प्रमुख आयोजन स्थल है।
![naidunia_image]()
यहां उत्तर भारतीय समाज के परिवारों की बड़ी भागीदारी रहती है। पर्व के आयोजन में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता भी लगातार बढ़ रही है। महासंघ की ओर से प्रशासन, नगर निगम और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर घाटों पर सफाई, प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रयास किए गए हैं।
व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम और पूजा स्थलों पर व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने जैसे विषय भी उठाए गए हैं। अधारताल तालाब में पूजा के लिए चिह्नित प्लेटफार्मों को क्रमांक और टोकन के माध्यम से आवंटित करने की पहल भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को स्थान संबंधी परेशानी न हो।
![naidunia_image]()
डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य
- रविवार 15 नवंबर को छठ महापर्व का सबसे महत्वपूर्ण दृश्य सामने आया।
- व्रती परिवार के सदस्यों के साथ बांस के सूप और दउरा में पूजन सामग्री, मौसमी फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद सजाकर घाटों पर पहुंचेंगे।
- जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
- जब सूर्य की अंतिम किरणें नर्मदा के जल में उतरेंगी, तब घाटों पर लोकगीतों, छठी मैया की स्तुति और सूर्यदेव की आराधना का अनूठा वातावरण बनेगा।
- गौरीघाट के उमाघाट पर रविवार शाम पांच बजे से अगले दिन सुबह तक भोजपुरी लोकगीतों का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
- इससे घाट पर धार्मिक अनुष्ठान के साथ पूर्वांचल की लोकसंस्कृति की रंगत भी दिखाई देगी।
आस्था के साथ अनुशासन और प्रकृति का सम्मान
- छठ की विशिष्टता यह है कि इसमें केवल उगते सूर्य ही नहीं, अस्त होते सूर्य की भी समान श्रद्धा से आराधना की जाती है। यह जीवन के हर चरण के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है।
- सूर्य को ऊर्जा और जीवन का आधार मानकर जल, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सम्मान प्रकट किया जाता है।
- इसीलिए छठ में स्वच्छता का विशेष महत्व है। घर के रसोईघर से लेकर पूजा के प्रसाद और घाटों तक शुद्धता तथा अनुशासन का पालन किया जाता है।
- जबलपुर में पिछले लगभग तीन दशकों से छठ महापर्व का सार्वजनिक स्वरूप लगातार विस्तृत हुआ है।
- पूर्वांचल, बिहार और झारखंड मूल के परिवारों ने इस परंपरा को सहेजते हुए इसे संस्कारधानी की साझा सांस्कृतिक पहचान बना दिया है।
- अब इसमें स्थानीय परिवारों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी दिखाई देती है।
- नर्मदा के तट पर सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हजारों श्रद्धालु केवल एक धार्मिक परंपरा का निर्वहन नहीं करेंगे, बल्कि लोकसंस्कृति, पारिवारिक मंगलकामना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का ऐसा दृश्य रचेंगे, जिसमें संस्कारधानी की विविधता एक साथ दिखाई देगी।