
प्रणय चौहान, इंदौर। इस बार देवउठनी एकादशी की तिथि को लेकर असमंजस की स्थिति रहेगी। वजह है एकादशी तिथि का क्षय। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर शुक्रवार को सुबह 7:16 बजे शुरू होगी और अगले दिन 21 नवंबर शनिवार को सुबह 6:32 बजे समाप्त हो जाएगी।
खास बात यह है कि 20 नवंबर को सूर्योदय के समय दशमी तिथि रहेगी और एकादशी सूर्योदय के बाद शुरू होगी। वहीं 21 नवंबर को सूर्योदय होने से पहले ही एकादशी समाप्त होकर द्वादशी लग जाएगी। यानी दोनों ही दिन सूर्योदय के समय एकादशी तिथि मौजूद नहीं रहेगी।
जय महाकाली मंदिर, खजराना के प्रंबधक पं. गुलशन अग्रवाल के अनुसार इसी खगोलीय स्थिति के कारण पंचांग के शास्त्रीय नियमों के अनुसार स्मार्त और वैष्णव परंपरा में व्रत की तारीख अलग-अलग निर्धारित की गई है। स्मार्त-शैव परंपरा के गृहस्थ श्रद्धालु शुक्रवार 20 नवंबर को दशमी युक्त एकादशी के दिन व्रत रखेंगे। वहीं, वैष्णव और इस्कान परंपरा के श्रद्धालु शनिवार 21 नवंबर को व्रत करेंगे।
इस प्रकार एकादशी की तिथि भले ही 20 नवंबर को शुरू होकर 21 नवंबर की सुबह समाप्त हो जाएगी, लेकिन व्रत दो अलग-अलग दिनों में रखा जाएगा। वहीं, धार्मिक मान्यता के अनुसार देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं।
इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और विवाह, गृह प्रवेश सहित मांगलिक आयोजनों की शुरुआत होती है। देवोत्थान और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी प्रसिद्ध इस पर्व पर मंदिरों और घरों में भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। 16 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक धनुर्मास होने की वजह से विवाह मुहूर्त नहीं है।
नवंबर 2026- 21, 24, 25, 26
दिसंबर 2026- 02, 03, 11, 12
(16 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक धनुर्मास होने की वजह से विवाह मुहूर्त नहीं है।)
जनवरी 2027- 24, 25, 26, 30, 31
फरवरी 2027- 02, 09, 10, 15, 16, 20, 21, 27, 28
मार्च 2027- 01, 02, 03, 09, 10