
धर्म डेस्क। चार माह के विराम के बाद अब मांगलिक परंपराओं के आंगन में फिर उत्सव की आहट सुनाई देगी। मंदिरों में घंटियों का निनाद होगा, घरों में दीपों की कतार सजेगी और तुलसी चौरे पर विवाह के मंगल गीत गूंजेंगे। शुक्रवार, 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागरण का पर्व मनाया जाएगा। सनातन परंपरा में यह केवल एक तिथि नहीं, बल्कि धर्म, आस्था और शुभ कार्यों के पुनः आरंभ का उत्सव है। इसे देवोत्थान और प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी देवशयनी एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चार माह तक चातुर्मास रहता है। कार्तिक शुक्ल एकादशी को उनके जागरण के साथ इस अवधि का समापन माना जाता है। इसी के साथ विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक संस्कारों की शुरुआत होती है।
ज्योतिषाचार्य एवं वास्तु विशेषज्ञ पंडित सौरभ दुबे के अनुसार एकादशी तिथि 19 नवंबर की रात्रि दो बजकर छह मिनट से प्रारंभ होकर 20 नवंबर की रात्रि एक बजकर 54 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार शुक्रवार को व्रत और पूजन किया जाएगा।
प्रातः स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का पूजन करें। पीले पुष्प, तुलसी दल, फल, पंचामृत और धूप-दीप अर्पित करें। ओम नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जाप करें। श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य और पारिवारिक परंपरा के अनुसार फलाहार अथवा निर्जल व्रत रख सकते हैं।
देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह की परंपरा विशेष आकर्षण रखती है। तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाह पूरे उत्साह और श्रद्धा से कराया जाता है। तुलसी चौरे को रंगोली, पुष्प और दीपों से सजाकर विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। कुछ परंपराओं में तुलसी विवाह द्वादशी को भी संपन्न होता है।