
ग्वालियर। जीवाजीगंज स्थित प्राचीन भगवान कार्तिकेय स्वामी मंदिर के पट कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर, मंगलवार को साल में केवल एक बार श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे। भगवान कार्तिकेय के दर्शन के लिए शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मंदिर के पट खुलने से पहले 23 नवंबर की मध्यरात्रि विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद 24 नवंबर को सुबह चार बजे से भक्तों को भगवान के दर्शन सुलभ होंगे। साल में केवल एक दिन पट खुलने की परंपरा के कारण श्रद्धालुओं को इस दिन का पूरे वर्ष इंतजार रहता है।
कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान कार्तिकेय के दर्शन और पूजन का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा के साथ भगवान के दर्शन करने और पूजा-अर्चना करने से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं तथा मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
इसी आस्था के चलते मंदिर के बाहर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगती हैं। भक्त भगवान कार्तिकेय को प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।
मंदिर में एक विशेष परंपरा भी प्रचलित है। श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर भगवान कार्तिकेय को 364 बत्तियों का दीपक अर्पित करते हैं। मान्यता के अनुसार, भक्त अपनी श्रद्धा और संकल्प के साथ यह दीपक जलाकर भगवान के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर में इस परंपरा का विशेष आकर्षण रहता है।
जीवाजीगंज स्थित भगवान कार्तिकेय स्वामी का यह प्राचीन मंदिर अपनी विशिष्ट परंपरा के लिए जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, संतों ने स्वर्ण रेखा नदी के किनारे भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की थी। तभी से यहां श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। साल में एक बार मंदिर के पट खुलने और भगवान के दर्शन होने की परंपरा इस मंदिर को शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में विशेष स्थान दिलाती है।