Eid-ul-Fitr 2020: आज चांद दिखा, तो 24 मई को मनाई जाएगी ईद
Eid-ul-Fitr 2020: शनिवार को चांद दिखता है तो रविवार को ईद मनाई जाएगी। अगर शनिवार को चांद नहीं देखी गई तो सोमवार को ईद होगी।
By Arvind Dubey
Edited By: Arvind Dubey
Publish Date: Sat, 23 May 2020 10:59:56 AM (IST)
Updated Date: Sat, 23 May 2020 11:02:22 AM (IST)

Eid-ul-Fitr 2020: रमजान का पवित्र महीना खत्म होने को है और भारत समेत पूरी दुनिया में चांद के दीदार का इंतजार है। जैसे ही चांज नजर आएगा, ईद की तारीख का ऐलान कर दिया जाएगा। इस बीच, सऊदी अरब से खबर है कि 22 मई को भी चांद नजर नहीं आने के बाद 24 मई को ईद मनाने का ऐलान कर दिया गया है। वहीं भारत में संभावना है कि चांद के दीदार के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार 25 मई को मनाया जा सकता है, लेकिन अगर चांद 23 मई को नजर आया तो देशभर में 24 मई को भी ईद मनाई जा सकती है। बिहार में प्रेस रिलीज जारी कर ईद-उल-फितर का चांद देखने का शनिवार को ऐलान कर दिया गया है।
अलग है इस बार की ईद
लॉकडाउन के कारण इस बार ईद की तैयारियां फीकी रही हैं। बाजार बंद होने के कारण लोग मन पसंद चीजें नहीं खरीद सकें हैं। हालांकि जहां-जहां लॉकडाउन में छूट मिली है, वहां लोगों ने तैयारियां की हैं। मस्जिदों को सजाया गया है। लोगों ने नए कपड़े खरीदे हैं। घरों में पकवान बनाए जा रहे हैं। हालांकि लोगों से अपील की है कि वे इस बार घरों में रहकर ही ईद मनाएं।
हाल ही में बेंगलुरू की जामा मस्जिद ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील की थी कि वे मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए नहीं निकलें। किसी से गले नहीं लगें और हाथ मिलाने से बचें। यही नहीं, सार्वजनिक सभा या रिश्तेदारों और दोस्तों से ईद मिलने के लिए घरों से न निकलें। इससे कोरोना वायरस फैलने की आशंका हो सकती है।
बता दें, रमजान के खत्म होते ही जो ईद मनाई जाती है। इसे ईद-उल-फितर कहा जाता है। इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार, रमजान के बाद 10वें शव्वाल की पहली तारीख को ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है। ईद कब मनाई जाएगी, यह चांद के दीदार से तय होता है।