Ganga Dussehra 2023 Shubh Muhurat: भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष दशमी तिथि को गंगा दशहरा मनाया जाता है। इसी दिन मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था. भागीरथ अपने पूर्वजों की आत्मा का उद्धार करने के लिए गंगा को पृथ्वी पर लेकर आए थे। ऐसी मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से सारे पाप धुल जाते हैं। इस बार मंगलवार 30 मई को यह पर्व मनाया जाएगा। लोग सुबह जल्दी उठकर नदियों व जलाशयों में स्नान करेंगे। मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे। गंगा दशहरा पर दैहिक शुद्धि के लिए दशविध स्नान करना शुभ माना गया है।
इसके चलते गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान एवं दान-पुण्य करने का विशेष शुभफल प्राप्त होगा। ऐसी मान्यता है कि गंगा दशहरा वाले दिन गंगा में स्नान करने से मनुष्य के 10 तरह के पाप धुल जाते हैं। इसमें तीन दैहिक, चार वाणी और तीन मानसिक पाप शामिल हैं। इसीलिए इसे दशहरा पर्व कहा जाता है। तभी तो हिंदू धर्म से जुड़े मनुष्य को जीवन में एक बार गंगा में स्नान जरूर करना चाहिए।
स्नान-दान का शुभ मुहूर्त | Ganga Dussehra 2023 Snan
ज्येष्ठ शुक्ल दशमी तिथि 29 मई, सोमवार को सुबह 11 बजकर 49 मिनट से शुरू होकर 30 मई, मंगलवार को दोपहर 01 बजकर 07 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के हिसाब से गंगा दशहरा पर्व मंगलवार 30 मई मंगलवार के दिन मनाया जाएगा.
बन रहे शुभ योग | Ganga Dussehra 2023 Shubh Yog
गंगा दशहरा के दिन शुभ संयोग बन रहा है। इस दिन हस्त नक्षत्र, रवि योग और सिद्धि योग का निर्माण होगा। गंगा दशहरा के दिन हस्त नक्षत्र का खास महत्व है। इसका जिक्र ब्रह्मपुराण में किया गया है. मान्यता है कि अगर आप इस नक्षत्र में गंगा स्नान करते हैं तो कई तरह के पापों का नाश होता है। गंगा दशहरा के दिन ज्येष्ठ मास का आखिरी मंगल भी है। ऐसे में इस शुभ अवसर पर मां गंगा और हनुमान जी की उपासना करने से व्यक्ति को विशेष लाभ होगा।
इन चीजों का करें दान | Ganga Dussehra 2023 Daan
शास्त्रों के अनुसार गंगा दशहरे के दिन दान करने से अक्षय पुण्य का फल प्राप्त होता है। इस दिन जल, अन्न, फल, घी, नमक, तेल, शकर, वस्त्र, पूजन व सुहाग सामग्री और स्वर्ण का दान कर सकते हैं। मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन 10 चीजों का दान करने से जीवन में किसी चीज की कमी नहीं रहती है। इस दिन शरबत पिलाया जाता है और इससे पुण्य मिलता है। इस दिन पानी, मटका, पंखा, खरबूजा, तरबूज, आम और चीनी आदि का भी दान किया जाता है।
महत्व व पूजा-विधि | Ganga Dussehra Puja Vidhi
ज्योतिषियों के अनुसार गंगा दशहरा के दिन मां गंगा का पूजन किया जाता है और इस दिन गंगा स्नान का भी विशेष महत्व है। ऐसी मान्यता है कि ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष में दशमी तिथि को मां गंगा अवतरित हुई थीं। साथ ही यह भी कहा जाता है कि गंगा दशहरा के दिन मां गंगा की पूजा करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं। इस दिन पूजा करते समय मां गंगा के मंत्र ओम नमो गंगायै विश्वपिण्यै नारायण्यै नमो नम: का जाप करना चाहिए। साथ ही भगवान भोलेनाथ की भी पूजा-अर्चना करने का विधान है।
डिसक्लेमर - इस लेख में दी गई जानकारी/ सामग्री/ गणना की प्रामाणिकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। सूचना के विभिन्न माध्यमों/ ज्योतिषियों/ पंचांग/ प्रवचनों/ धार्मिक मान्यताओं/ धर्मग्रंथों से संकलित करके यह सूचना आप तक प्रेषित की गई हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ सूचना पहुंचाना है, पाठक या उपयोगकर्ता इसे सिर्फ सूचना समझकर ही लें।