
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। पांच करोड़ रुपये के नोट, ढाई करोड़ रुपये के स्वर्ण आभूषण और 15 देशों की विदेशी मुद्रा... दीपावली पर शिवाजी नगर मोती बंगला स्थित श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में मां का दरबार इस बार इसी अनूठी सजावट के साथ सजा है।
कुल 7.50 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नोटों और आभूषणों से सजे दरबार में विदेशी मुद्रा भी आकर्षण बढ़ा रही है। धनतेरस से मंदिर में पांच दिवसीय दीपावली उत्सव की शुरुआत हो गई है।
मां महालक्ष्मी के दरबार को सजाने में करीब पांच करोड़ रुपये के भारतीय नोट और ढाई करोड़ रुपये के स्वर्ण आभूषण शामिल किए गए हैं। इसके अलावा 15 देशों की विदेशी मुद्रा भी सजावट का हिस्सा है।
यह विदेशी मुद्रा श्रद्धालुओं ने उपलब्ध कराई है। मंदिर में की गई विशेष विद्युत सजावट भी रात के समय आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
श्री योगमाया पारमार्थिक न्यास के विमल शर्मा ने बताया कि 6 से 11 नवंबर तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां महालक्ष्मी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
10 नवंबर को अन्नकूट भंडारे का आयोजन होगा। इसमें श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी। साथ ही सौभाग्यवती माता-बहनों को कुमकुम का वितरण भी किया जाएगा।