Kartik Chhath Puja 2022: कब से शुरू हो रहा है छठ महापर्व, जानें सही तिथियां और महत्व
मान्यता है कि छठी मइया का व्रत रखने वाले और विधि-विधान से पूजा करने वाले दम्पति को संतान सुख की प्राप्ति होती है और परिवार में सुख समृद्धि आती है। इसकी तैयारी के लिए सभी छठ घाटों की साफ-सफाई शुरू हो गयी है।
By Shailendra Kumar
Edited By: Shailendra Kumar
Publish Date: Wed, 26 Oct 2022 12:14:05 PM (IST)
Updated Date: Wed, 26 Oct 2022 12:37:16 PM (IST)

Karthik Chhath Puja 2022: हिंदू पंचांग के अनुसार, छठ हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी यानी छठी तिथि पर मनाया जाता है। चूंकि कार्तिक मास में शुक्ल षष्ठी को यह पर्व मनाया जाता है, इसलिए इसे कार्तिकी छठ कहा जाता है। यह हमेशा दीपावली के 6 दिन बाद पड़ता है। छठ पूजा मुख्य रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश, कोलकाता और पश्चिम बंगाल राज्यों में मनाए जाने वाले प्रमुख हिंदू त्योहारों में से एक है। यह एक प्राचीन त्योहार है, जो सूर्य भगवान को समर्पित है। कार्तिक मास के ठंडे और सुहावने मौसम में यह उत्सव बड़ी धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ 28 अक्टूबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा।
छठ पूजा का महत्व
यह महापर्व सूर्य देव और उनकी बहन छठी मइया को समर्पित होता है। हिंदू धर्म में सबसे कठिन व्रतों में से एक छठ को लेकर मान्यता है कि छठी मइया का व्रत रखने वाले और विधि-विधान से पूजा करने वाले दम्पति को संतान सुख की प्राप्ति होती है और परिवार में सुख समृद्धि आती है। इसे लेकर सभी छठ घाटों की साफ-सफाई शुरू हो गयी है घाट पर उगे घास को काटने, मकड़ी का जाला हटाने व वहां फूल-पौधे लगाने के दौरान छठ घाटों पर गीत गूंज रहे हैं।
कार्तिक छठ पूजा: तिथि
पहला दिन, नहाय खाय - 28 अक्टूबर 2022
दूसरा दिन, खरना - 29 अक्टूबर 2022
तीसरा दिन, शाम का अर्घ्य - 30 अक्टूबर 2022
चौथा दिन, सुबह का अर्घ्य - 31 अक्टूबर 2022