Mauni Amavasya 2023: 21 या 22 जनवरी, जानें कब है इस साल की पहली अमावस्या, यहां देखें दान का शुभ मुहूर्त
Mauni Amavasya 2023 मौनी अमावस्या के दिन यदि दान करते हैं तो इंसान के सारे पाप मिट जाते हैं और उसे मनोवांछित फल की प्राप्ति
By Sandeep Chourey
Edited By: Sandeep Chourey
Publish Date: Fri, 20 Jan 2023 08:54:15 AM (IST)
Updated Date: Fri, 20 Jan 2023 08:54:15 AM (IST)
.webp)
Mauni Amavasya 2023। हिंदू धर्म में अमावस्या का काफी महत्व है और इस दिन उपवास करने से विशेष फल मिलता है। माघ महीने के कृष्ण पक्ष की अमावस्या को मौनी अमावस्या कहा जाता है और इस अमावस्या पर मौन रहकर पवित्र नदी में स्नान करने का विशेष महत्व होता है। पौराणिक मान्यता है कि मौनी अमावस्या के दिन यदि दान करते हैं तो इंसान के सारे पाप मिट जाते हैं और उसे मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज के संगम में स्नान करना काफी फलदायी माना जाता है।
जानें कब है मौनी अमावस्या, 21 या 22 जनवरी
मौनी अमावस्या की तिथि को लेकर यदि आपके मन में भी कोई संशय की स्थिति है तो हम बता दें कि हिंदू पंचांग के अनुसार मौनी अमावस्या शनिवार, 21 जनवरी को सुबह 06.16 मिनट से लेकर अगले दिन रविवार, 22 जनवरी को रात 02.22 मिनट तक रहेगी। हिंदू पंचांग के अनुसार उदया तिथि के कारण मौनी अमावस्या 21 जनवरी को ही मनाई जाएगी।
मौनी अमावस्या का दान का महत्व, जानें क्या है शुभ मुहूर्त
पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक 21 जनवरी को सुबह 8.33 मिनट से लेकर सुबह 9.52 मिनट के बीच स्नान और दान-धर्म से जुड़े कार्य करने का शुभ मुहूर्त रहेगा। इस समयावधि में यदि पवित्र नदी या कुंड में स्नान करने के बाद गरीबों को दान किया जाता है तो इसका शुभ फल मिलता है। इस दौरान गरीबों को ठंड से बचने के लिए कंबल, गुड़ और तिल का दान कर सकते हैं। पवित्र कुंड या नदी में स्नान करते समय 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नम:' और 'ॐ नम: शिवाय' मंत्र का जाप करना चाहिए।
पितरों के तर्पण का महत्व
मौनी अमावस्या के दिन पितरों का तर्पण करने का भी विधान है। ऐसा करने से पितरों की आत्मा को शांति मिलती है। पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है। तर्पण और दान करने से कुंडली के दोषों से मुक्ति मिलती है। इसके अलावा मौन व्रत रखने से वाक् सिद्धि की प्राप्ति होती है। मौन व्रत का अर्थ खुद के अंतर्मन में झांकना, ध्यान करना और भगवान की भक्ति में खो जाने से है।
डिसक्लेमर
'इस लेख में दी गई जानकारी/सामग्री/गणना की प्रामाणिकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। सूचना के विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/धार्मिक मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संकलित करके यह सूचना आप तक प्रेषित की गई हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ सूचना पहुंचाना है, पाठक या उपयोगकर्ता इसे सिर्फ सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी तरह से उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता या पाठक की ही होगी।'