
धर्म डेस्क। दीपावली पर जहां घर-घर माता लक्ष्मी का पूजन रविवार को होगा वही शहर के महालक्ष्मी मंदिरों में विभिन्न आयोजन होंगे। कहीं माता स्वर्ण शृंगारकर फूल बंगले में विराजित होगी तो कहीं विभिन्न व्यंजनों का भोग लगेगा। कही शृंगार तीन बार होगा तो कही दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लगेगी।
उषानगर एक्सटेशन स्थित महालक्ष्मी मंदिर में 21 कुंडीय स्वर्ण महाकुबेर महायज्ञ एवं इत्र अर्चना होगी। इसके साथ ही सुबह 9 बजे महाआरती होगी। महालक्ष्मी मंदिर मल्हारगंज में विशेष शृंगार होगा।
मनोरमागंज स्थित गीता भवन पर सुबह 9 बजे से पूजन प्रारंभ होगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष राम ऐरन, मंत्री रामविलास राठी एवं मनोहर बाहेती ने बताया कि शाम 6.30 बजे से श्रीराम दरबार मंदिर में 56 भोग समर्पण के बाद महाआरती होगी तथा अन्नकूट महोत्सव का महाप्रसाद शाम 7 बजे से वितरण होगा।
एरोड्रम रोड स्थित श्री श्रीविद्याधाम मंदिर एवं आश्रम पर कार्तिक मास के शुभारंभ अवसर पर प्रारम्भ हुए लक्ष्मीनारायण प्रसन्नार्थ महायज्ञ में कार्तिक अमावस्या पर रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक विशेष आहुतियां समर्पित की जाएंगी।