Phulera Dooj 2021: 15 मार्च को है फुलेरा दूज, उत्तर भारत का खास त्योहार, जानिए शुभ मुहूर्त और महत्व
Phulera Dooj 2021 धार्मिक मान्यताओं के अनुसार फुलेरा दूज के दिन भगवान कृष्ण और राधाजी की साथ में पूजा की जाती है।
By Sandeep Chourey
Edited By: Sandeep Chourey
Publish Date: Thu, 04 Mar 2021 12:04:08 PM (IST)
Updated Date: Thu, 04 Mar 2021 12:04:08 PM (IST)

Phulera Dooj 2021 । पौराणिक मान्यताओं के अनुसार हर वर्ष फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीय तिथि को फुलेरा दूज मनाई जाती है। यह त्योहार विशेषकर उत्तर भारत में पूरे उत्साह व श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष फुलेरा दूज 15 मार्च को मनाई जाएगी। पौराणिक ग्रंथों के मुताबिक फुलेरा दूज को मांगलिक कार्यों के लिए अबूझ मुहूर्त माना जाता है। इस दिन किसी भी कार्य का शुभारंभ किया जा सकता है और इसके लिए विशेष मुहूर्त की आवश्यकता नहीं होती है। फुलेरा दूज किसी भी कार्य के शुभ करने का विशेष दिन भी होता है। फुलेरा पर्व खासतौर से मथुरा, वृंदावन एवं उत्तर भारत में मनाया जाता है। फुलेरा दूज का त्यौहार श्री कृष्ण को समर्पित है। इस दिन सभी कृष्ण मंदिरों को फूलों से सजाया जाता है। साथ ही कृष्ण जी के लिए कई पकवान बनाए जाते हैं।
फुलेरा दूज का शुभ मुहूर्त:
15 मार्च 2021, सोमवार
द्वितीया तिथि प्रारंभ- 14 मार्च, रविवार शाम 5.10 मिनट से
द्वितीया तिथि समाप्त- 15 मार्च, सोमवार शाम 6.50 मिनट तक
फुलेरा दूज का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार फुलेरा दूज के दिन भगवान कृष्ण और राधाजी की साथ में पूजा की जाती है। पूरे विधि-विधान से यदि पूजा की जाती है तो सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं। साथ ही यह भी मान्यता है कि इसी दिन से भगवान श्रीकृष्ण ने होली खेलने की परंपरा शुरू की थी। होली का त्योहार मथुरा, वृंदावन में पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन फूलों की होली खेली जाती है। फुलेरा दूज पर विवाह करना काफी शुभ माना जाता है।