
शशांक शेखर बाजपेई, इंदौर। भागदौड़ भरी इस जिंदगी में लोगों ने हर चीज का मजाक बना कर रख दिया है। समय की कमी का बहाना बनाकर लोग ऑनलाइन पिंड दान कराने के लिए पंडितों से संपर्क कर रहे हैं।
मगर, उत्तर प्रदेश के पंडितों ने इसके विरोध में मोर्चा खोल दिया है। उनका कहना है कि यह गलत प्रथा है और इसे बंद किया जाना चाहिए। उनके अनुसार, बड़ी संख्या में पंडिट 'ऑनलाइन तर्पण' की सुविधा देने की बात कहकर लोगों को ठग रहे हैं।
यह न सिर्फ धर्म के साथ खिलवाड़ है, बल्कि आस्था का लाभ उठाकर लोगों को ठगने वालों को फलने-फूलने का मौका देना भी है। विद्वानों का कहना है कि तर्पण नहीं करने पर पितर भूखे ही रह जाते हैं। ऐसे में उनकी असंतुष्ट आत्मा आशीर्वाद नहीं देती।
झूठी मानसिक शांति के लिए पाखंड क्यों
दिल्ली के पंडित जय गोविंद शास्त्री ने बताया कि श्राद्ध पक्ष में अपने घर के पितरों और दिवंगत बुजुर्गों का पिंड दान किया जाता है। अनुष्ठान शारीरिक रूप से उपस्थित होकर ही कोई व्यक्ति कर सकता है। श्रद्धा से किया गया दान ही श्राद्ध है। जब इतनी भी श्रद्धा नहीं है कि अपने पूर्वजों को समय दे सकें, तो इस झूठी मानसिक शांति के लिए पाखंड करने की भी क्या जरूरत है।
पंडित जय गोविंद शास्त्री के अनुसार, जरूरी नहीं है कि गया, इलाहाबाद, वाराणसी या हरिद्वार जैसे धार्मिक स्थानों में ही पिंड दान किया जाए। यदि आपके शहर में नदी का किनारा नहीं है, तो पीपल के पेड़ के नीचे भी यह किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आप तो ऑनलाइन पिंड दान कर मन को झूठी तसल्ली दे सकते हैं। मगर, पितरों के पास वर्चुअल आशीर्वाद देने का कोई विकल्प नहीं है।
भूखे ही रह जाते हैं पितर
उज्जैन की पंडित रश्मि शर्मा ने ऑनलाइन 'पिंड दान' के विचार को 'हास्यास्पद' करार दिया। उन्होंने बताया मनु स्मृति और पद्म पुराण के सृष्टि खंड में कहा गया है कि श्राद्ध कर्म स्वयं अपने हाथों से, एकांत में, जंगल में, पवित्र स्थान में, मंदिर में, जंगल में, जल के पास करना चाहिए।
इसके अलावा किया गया किसी भी प्रकार का श्राद्ध व्यर्थ जाता है। स्वयं उपस्थित न होकर दूसरों से कराया गया श्राद्ध भी व्यर्थ जाता है।
बाजार में आ गए साइट्स और ऐप
प्रयाग के पुरोहित सोशल साइट्स के जरिए ऑनलाइन पिंडदान कराने इच्छुक श्रद्धालुओं से संपर्क कर रहे हैं। वहीं, 'पितृमोक्ष डॉटकाम' ऑनलाइन ऐसी सेवा उपलब्ध करा रही है। अस्थि विसर्जन डॉटकाम एनआरआई के लिए यह सुविधा मुहैया करा रही है। ऐसी ही कई अन्य साइट्स और ऐप बाजार में आ गए हैं, जिन्हें नेट पर हजारों लोग सर्च कर रहे हैं।