
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय संस्कृति में गुरु को केवल किताबों का ज्ञान देने वाला शिक्षक नहीं, बल्कि सही-गलत का फर्क कराने वाला और जीवन का सही मार्ग दिखाने वाला पथ-प्रदर्शक माना गया है। संत कबीरदास जी ने अपने दोहों में गुरु की महिमा, उनकी सीख और शिष्य के प्रति उनके योगदान को बेहद सरल और मर्मस्पर्शी शब्दों में पिरोया है।
शिक्षक दिवस के इस पावन अवसर पर आइए पढ़ते हैं संत कबीर के वे प्रसिद्ध दोहे जो गुरु-शिष्य के संबंध और गुरु की महानता का बखान करते हैं-
यह तन विष की बेलरी, गुरु अमृत की खान।
शीश दिए जो गुरु मिले, तो भी सस्ता जान॥
अर्थ: मनुष्य का यह शरीर मोह, लोभ, काम और क्रोध जैसी सांसारिक बुराइयों रूपी विष की बेल है, जबकि गुरु साक्षात अमृत की खान हैं। यदि अपना शीश (अहंकार) त्याग कर भी सच्चे गुरु की प्राप्ति होती है, तो इसे बहुत सस्ता सौदा समझना चाहिए।
कबीरा ते नर अंध हैं, गुरु को कहते और।
हरि रूठे गुरु ठौर है, गुरु रूठे नहिं ठौर॥
अर्थ: जो लोग गुरु को सामान्य मनुष्य समझकर उनकी अवहेलना करते हैं, वे अज्ञानी हैं। यदि ईश्वर नाराज हो जाएं तो गुरु की शरण में सहारा मिल सकता है, लेकिन यदि गुरु रूठ जाएं तो संसार में कहीं भी ठिकाना नहीं मिलता।
सब धरती कागद करूं, लेखनी सब बनराय।
सात समुद्र की मसि करूं, गुरु गुण लिखा न जाय॥
अर्थ: यदि पूरी पृथ्वी को कागज, जंगल के सभी वृक्षों को कलम और सातों समुद्रों के जल को स्याही बना दिया जाए, तब भी गुरु के महान गुणों और उनकी महिमा का वर्णन शब्दों में पूरा नहीं लिखा जा सकता।
गुरु कुम्हार शिष कुंभ है, गढ़ि गढ़ि काढ़ै खोट।
अंतर हाथ सहार दै, बाहर बाहै चोट॥
अर्थ: जिस प्रकार कुम्हार मिट्टी के घड़े को आकार देते समय बाहर से चोट मारता है, लेकिन अंदर से हाथ से सहारा भी देता है, ठीक उसी तरह गुरु शिष्य की कमियों को दूर करने के लिए बाहर से अनुशासन की कठोरता दिखाते हैं, परंतु अंदर से प्रेम और सहारा प्रदान करते हैं।
गुरु के बिना ज्ञान और मोक्ष संभव नहीं
गुरु बिन ज्ञान न ऊपजै, गुरु बिन मिलै न मोष।
गुरु बिन लखै न सत्य को, गुरु बिन मिटै न दोष॥
गुरु के बिना न तो विवेक या सच्चा ज्ञान उत्पन्न हो सकता है और ना ही मोक्ष (मुक्ति) की प्राप्ति संभव है। बिना गुरु के मार्गदर्शन के व्यक्ति न तो सत्य को पहचान सकता है और न ही अपने भीतर के दोषों और बुराइयों को मिटा सकता है।
(नोट: यह जानकारी लोक मान्यताओं, संत साहित्य और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है।)