
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर बुधवार को आंवला नवमी (अक्षय नवमी) का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। सनातन धर्म में इस पर्व का विशेष महत्व है। मान्यता है कि आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है।
इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है। कार्तिक मास में व्रत और पूजा-अर्चना करने वाली महिलाओं के लिए यह तिथि विशेष फलदायी मानी जाती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आंवला नवमी पर किया गया दान-पुण्य, जप और तप अक्षय फल प्रदान करता है। इस दिन महिलाएं परिवार की सुख-शांति, संतान की उन्नति और अखंड सौभाग्य की कामना से व्रत रखती हैं।
आंवले के वृक्ष के नीचे भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करने और वहीं भोजन करने की परंपरा भी है। इसे प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और धार्मिक आस्था के प्रतीक पर्व के रूप में भी देखा जाता है।
ग्वालियर पंचांग के अनुसार 18 नवंबर को सूर्योदय सुबह छह बजकर 37 मिनिट और सूर्यास्त शाम पांच बकर 26 मिनिट बजे होगा। नवमी तिथि सुबह छह बजकर पांच बजे से प्रारंभ होकर 19 नवंबर को सुबह सात बजकर छह मिनिट ब तक रहेगी। पूजा का पूर्वाह्न मुहूर्त सुबह छह बजकर 37 मिनिट से दोपहर 12 बजकर एक मिनिट तक रहेगा। राहुकाल दोपहर 12 बजकर एक मिनिटसे एक बजकर 26 मिनिच बजे तक रहेगा।
व्रतधारी महिलाएं सुबह स्नान के बाद आंवले के वृक्ष की जड़ में जल और कच्चा दूध अर्पित करेंगी। इसके बाद दीपक जलाकर रोली, अक्षत और पुष्प से पूजा करेंगी तथा वृक्ष की परिक्रमा करेंगी। भगवान विष्णु से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर कथा सुनेंगी। परंपरा के अनुसार आंवले के वृक्ष के नीचे परिवार के साथ भोजन भी किया जाएगा। इस तरह कार्तिक मास की धार्मिक साधना में आंवला नवमी का पर्व विशेष आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाएगा