
वसंत पंचमी और वेलेंटाइन-डे अक्सर एक ही महीने में या एकदूसरे से बहुत थोड़े अंतराल पर होते हैं। दोनों एक ही मौसम के पर्व हैं। एक भारतीयता के रंग में रंगा तो दूसरा पश्चिम से निकलकर पूरी दुनिया में फैला। दोनों में ऐसी क्या खूबी है जो लोग इन उत्सवों को मनाते हैं और उनमें क्या अंतर हैं- एक नजर।
वसंत को भारत में ज्ञान के पर्व के रूप में मनाया जाता है। यह माना जाता है कि किसी भी नए काम की शुरूआत के लिए यह एक शुभ मौका है। वेलेंटाइन प्रेम का दिन है और लोग इस दिन अपने लिए हमसफर चुनते हैं या किसी प्रेम प्रस्ताव को आगे बढ़ाते हैं। दोनों ही पर्व किसी नई शुरूआत से जुड़े हैं। एक ज्ञान का पर्व है और एक प्रेम का।
भारत में वसंत आने का मतलब है कि अब जाड़ा और सर्दियां खत्म हुई और फलने-फूलने का मौसम आ गया है। आम के वृक्ष पर बौरों से इस समय लद जाते हैं और मां शारदा की पूजा अर्चना के साथ इसे पारंपरिक तरीके से मनाया जाता है। जबकि वेलेंटाइन बिलकुल ही आधुनिक तरीके से मनाया जाता है और इस दिन को प्रेमी-प्रेमिका प्रणय के दिन की तरह देखते हैं। वे एकदूसरे को गिफ्ट और कार्ड देते हैं और प्रेम का इजहार करते हैं।
अब वसंत पंचमी मनाने के लिए शायद भारत में वैसा उत्साह न देखा जाता हो लेकिन वेलेंटाइन-डे के लिए उनमें जबरदस्त उत्साह दिखाई देता है। जहां वसंत पंचमी पर मंदिरों में पूजन होता है तो वेलेंटाइन के दिन मॉल, सिनेमा और कॉफी-शॉप युवाओं से भरे देखे जा सकते हैं।
जहां वसंत पंचमी पर पीले रंग का महत्व है क्योंकि यह उत्सव को बताता है, तो वहीं वेलेंटाइन गुलाबी रंग के नाम रहता है जो कि प्रेम का रंग है। वेलेंटाइन डे पर प्रेमी और प्रेमिका एकदूसरे को गुलाब देकर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हैं।
पढ़ें : मां सरस्वती के 5 दुर्लभ मंदिर जहां पूरी होती है हर मनोकामना
वेलेंटाइन को लेकर एक प्रचलित कथा यह है कि रोम में एक वेलेंटाइन नाम के संत थे। वे चूंकि सैनिकों का विवाह करवाते थे तो इसी आरोप में उन्हें जेल हो गई वहां उन्होंने जेलर की बेटी को एक बीमारी से मुक्त होने में मदद की। उन्होंने प्रेम को ही मूलमंत्र बताया और उन्हीं की स्मृति में वेलेंटाइन डे मनाया जाता है। वसंत पंचमी मनाने के पीछे की कथा यह है कि इस दिन माना जाता है कि ब्रह्मा की नाभि से सरस्वती की उत्पत्ति हुई थी और ज्ञान की देवी से बुद्धि और प्रकाश मांगने के लिए उनकी पूजा की जाती है।
2020 तक वेलेंटाइन डे और वसंत पंचमी
वेलेंटाइन ( 14 फरवरी)
2015 में शनिवार
2016 में रविवार
2017 में मंगलवार
2018 में बुधवार
2019 में गुरुवार
2020 में शुक्रवार
पढ़ें : ऋतुराज वसंत की दस्तक से प्रकृति का श्रृंगार
वसंत पंचमी (तिथि अनुसार)
24 जनवरी 2015, शनिवार
12 फरवरी 2016, शुक्रवार
1 फरवरी 2017, बुधवार
22 जनवरी 2018, सोमवार
10 फरवरी 2019, रविवार
30 जनवरी 2020, गुरुवार
पढ़ें : वसंतोत्सव पर मां सरस्वती के साथ की जाती है लक्ष्मी पूजा